रोहतक जिले में गांव गद्दी खेड़ी के पास अठगामा भवन के सामने दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कार सवार युवकों ने आगे चल रहे ऑटो व बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें ऑटो सवार एक महिला व बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि ऑटो सवार अन्य लोग, बाइक सवार युवक व कार सवार एक युवक घायल हो गए।
सड़क हादसे में मृतकों की पहचान 26 वर्षीय नीलम निवासी गद्दी खेड़ी व 64 वर्षीय जयवीर निवासी मदीना के रूप में हुई है। दोनों सिविल अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने आए थे और वापस अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि कार सवार करीब 4 से 5 युवक शराब के नशे में धूत थे, जिसके कारण आगे चल रहे ऑटो में पीछे से टक्कर मारी है। इसके बाद ऑटो के आगे चल रही बाइक को भी टक्कर मारी, जिसमें बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए पीजीआई के ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि ऑटो मदीना गांव का है, जिसे ड्राइवर सुरेश उर्फ गणेशी चला रहा था। जैसे ही वह रोहतक से सवारी लेकर अठगामा भवन के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी, जिससे ऑटो खाई में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं आगे चल रही बाइक की टक्कर भी पुलिस की दीवार से हुई, जिससे वह भी घायल हो गया। वहीं कार के आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त है।
थाना बहुअकबरपुर के जांच अधिकारी अमित ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतकों की पहचान नीलम व जयवीर के रूप में हुई है। मृतकों के परिजनों की शिकायत पर कार चालकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

