Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पेड़ से टकराई कार, 2 दोस्तों की हुई मौत:3 हुए घायल, मरने वाले एक युवक की 17 दिन पहले ही हुई थी शादी

रोहतक के रिठाल फोगाट गांव निवासी रमेश कुमार ने सदर थाना पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसके 3 बच्चे (2 लड़के व 1 लड़की) हैं। 19 जनवरी को उसके लड़के अंकित व ललित अपने दोस्त जींद के बराह खुर्द गांव निवासी अमित, रिठाल फोगाट निवासी जतिन के साथ गांव के ही लड़के अजय की कार में गोहाना किसी काम से गए थे। कार को अजय चला रहा था।

उन्होंने बताया कि रात करीब 1 बजे मेन हाईवे पर घिलौड़ गांव के पुल से रोहतक की तरफ उतरे तो कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। अजय ने कार तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाई। जिस कारण कार सड़क से नीचे उतर गई और पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार सभी लोगों को चोटें आई और कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

रमेश ने बताया कि एक्सीडेंट में लगी चोटों के कारण उसके बेटे अंकित (24) की मौत हो गई। अंकित के दोस्त अमित की भी मृत्यु हो गई। घायलों को खानपुर PGI में भर्ती करवाया गया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई।

रमेश ने बताया कि उसके बेटे अंकित की करीब 17 दिन पहले 3 जनवरी को हुई थी। परिवार में अभी शादी की खुशियां थीं, लेकिन इस हादसे के बाद मातम पसर गया।

सदर थाना के जांच अधिकारी ASI संदीप ने बताया कि गांव घिलौड़ के पास एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version