Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में कार ने 2 बाइकों को मारी टक्कर:बच्चे समेत 3 की मौत, एक गंभीर; नशे में तेज रफ्तार गाड़ी चला रहा था ड्राइवर

हरियाणा के रोहतक में कार सवार ने दो बाइकों पर सवार 4 लोगों को टक्कर मार दी। इससे चारों को गंभीर चोटें आई। उन्हें उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में लाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने 3 को मृत घोषित कर दिया, वहीं एक की हालत गंभीर है। वहीं हादसे के बाद चालक कार को छोड़कर फरार हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार कार ड्राइवर नशे में था और तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। जिसके कारण यह हादसा हुआ। कार ड्राइवर जींद की तरफ से रोहतक आ रहा था। मंगलवार देर रात को जींद बाइपास चौक के पास रोहतक से अपने गांव जा रहे बाइक सवार गांव लाखनमजरा निवासी जयभगवान व उनके बेटे यश को टक्कर मार दी। इसके बाद वह यश को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया।

एक्सीडेंट के बाद कार सवार हिसार रोड पर रामपाल आश्रम की तरफ गा गया। जहां आश्रम के पास बाइक सवार गांव मदीना निवासी नरेंद्र व जयदीप को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल दोनों लोगों को उपचार के लिए PGI लाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने 31 वर्षीय नरेंद्र, 36 वर्षीय जयदीप के साथ लाखनमाजरा निवासी 7 वर्षीय यश को मृत घोषित कर दिया।

मृतक जयदीप प्राइवेट बस का कंडक्टर था। वहीं नरेंद्र ने जींद बाइपास पर चौखट-जंगलों की दुकान की हुई थी।

जांच अधिकारी SI सुरेश कुमार ने बताया कि एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे थे। कार चालक ने दूसरा हादसा बहु अकबरपुर थाना एरिया में किया। हादसे के बाद चालक अपनी कार को छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Exit mobile version