Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भिवानी में चलती कार में लगी आग: बोनट से धुआं निकलते ही चालक ने रोकी गाड़ी, बाहर निकलकर बचाई जान

भिवानी: शहर में हांसी गेट और घंटाघर चौक के बीच शनिवार को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार के बोनट से धुआं निकलता देख चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और बाहर निकल गया। कुछ ही देर में कार आग की लपटों से घिर गई। गनीमत रही कि चालक समय रहते बाहर निकल आया और सुरक्षित बच गया।

घटना भिवानी के नेहरू पार्क के सामने की है। कार में आग लगने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची।

बोनट से धुआं निकलते ही रोकी कार

तोशाम निवासी चालक शुभम ने बताया कि वह हांसी गेट से घंटाघर चौक की तरफ जा रहा था। नेहरू पार्क के सामने पहुंचने पर उसे कार के बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया। उसने बिना देरी किए गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और बाहर निकल गया।

शुभम के अनुसार, कुछ ही देर में कार से आग की लपटें उठने लगीं और पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

लोगों ने बाल्टियों से आग बुझाने का किया प्रयास

प्रत्यक्षदर्शी सुमित ने बताया कि कार में आग लगते ही आसपास के लोग मदद के लिए आगे आए। लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। कुछ लोग हेलमेट पहनकर भी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे।

पुलिस ने आसपास का क्षेत्र कराया खाली

सिटी थाना प्रभारी जरनैल सिंह ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। एहतियात के तौर पर आसपास का क्षेत्र सुरक्षित कराया गया। दुकानों के आसपास मौजूद लोगों को पीछे हटाया गया और ट्रैफिक को भी घटनास्थल से दूर किया गया, ताकि कोई अन्य हादसा न हो।

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

थाना प्रभारी के अनुसार, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। कार डीजल से चलने वाली थी। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Exit mobile version