पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के सुप्रीमो कैप्टन अमरिंदर सिंह कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट करके यह जानकारी दी। फिलहाल कैप्टन ने अपने आपको सिसवां फार्म हाउस पर होम आइसोलेट कर लिया है। कैप्टन ने ट्वीट किया कि मैं हल्के लक्षणों के साथ कोरोना पॉजिटिव हुआ हूं और मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से अनुरोध है कि वे अपना टेस्ट कराएं। छह जनवरी को पटियाला से सांसद व कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर भी कोरोना पॉजिटिव हो गई थीं। उन्होंने भी यह जानकारी ट्वीट कर दी थी। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही कैप्टन को उनका चुनाव चिह्न हॉकी-बॉल मिला है।
I have tested positive for #Covid with mild symptoms. Have isolated myself and request all those who came in contact with me to get themselves tested.
— Capt.Amarinder Singh (@capt_amarinder) January 12, 2022
दूसरी तरफ उनके मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने भी कैप्टन अमरिंदर सिंह के पॉजिटिव होने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि उन्हें माइनर कोरोना सिम्पटम्स हैं। तकरीबन एक सप्ताह तक होम आइसोलेशन के बाद एक बार फिर वह मैदान में प्रचार करने उतरेंगे। फिलहाल कैप्टन अमरिंदर सिंह इस समय सिसवां फार्म पर हैं और वहीं उनका उपचार भी चल रहा है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह के एक करीबी ने बताया कि फिलहाल कैप्टन फोन पर सभी के साथ संपर्क पर हैं। वह आराम करने के साथ-साथ चुनावों के काम में भी व्यस्त हैं। आने वाले दिनों में जैसे ही एक बार कांग्रेस अपने उम्मीदवार घोषित करेगी, कैप्टन अमरिंदर सिंह भी उसके बाद अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर देंगे।

