Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में डेढ़ करोड़ का गांजा जब्त: 2 नशा तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो में उड़ीसा से लाई गई थी 280 किलो की खेप

रोहतक जिले में पुलिस की CIA-1 की टीम ने सांपला फ्लाईओवर के नीचे से 280 किलो गांजे समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान संदीप और रोहित के तौर पर हुई है। पकड़े गए गांजे की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही है। CIA-1 में तैनात ASI विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नशे की खेप लेकर कुछ लोग सांपला इलाके में आने वाले हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने योजना बनाकर सांपला फ्लाईओवर के नीचे रात करीब 11 बजे से निगरानी शुरू कर दी।

काफी देर बाद एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में गांजा मिला। शुरुआती जांच में पता चला है कि गांजे की यह खेप स्कॉर्पियो से उड़ीसा से लाई गई थी। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह खेप किसके लिए थी और इस तस्करी के पीछे कितना बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। पुलिस ने बरामद गांजे और गाड़ी को जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान नशा तस्करी से जुड़े और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version