टोहना के पास ट्रेन में आरोपी द्वारा छेड़खानी के बाद ट्रेन से धक्का देकर गिराई गई खरेंटी की मनदीप कौर की हत्या के मामले में न्याय मांगने के लिए परिजनों सहित विभिन्न लोगों ने सोमवार को कैंडल मार्च निकाला गया। यह कैंडल मार्च मानसरोवर पार्क से गांधी पार्क तक निकला गया। आरोपी को जल्द सजा के लिए मामला फास्ट कोर्ट में चलाने व मृतिका के दोनों बच्चों के लिए सरकार से शिक्षा का प्रबंधक करने की मांग की गई।
मामले में शिकायतकर्ता मृतिका के भाई खरेंटी निवासी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि उसकी बहन मनदीप कौर 1 सितंबर को गांव से टोहना जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थी। उनके साथ 9 साल का बेटा भी था। स्टेशन धमतान साहिब और टोहना के बीच जब डिब्बे में बहन व उसका बेटा ही सवारी थे। तभी आरोपी कालवन निवासी संदीप ने छेड़खानी की। इसका बहन ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धक्का देकर ट्रेन से गिरा दिया। बहन ने गेट का हैंडल पकड़कर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसका सिर पटरी किनारे पोल से टकरा गया। वह एक खेत में जाकर गिरी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतिका के भाई बिजेंद्र ने बताया कि कैंडल मार्च के माध्यम से बहन को जल्द न्याय दिलाने व आरोपी को फांसी देने की मांग की गई है। ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया है।

