Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक PGIMS में मनाया कैंसर दिवस: ऑन्कोलॉजी विभाग के डॉक्टर ने बताए कैंसर के लक्षण

रोहतक स्थित PGIMS में शनिवार को कैंसर के प्रति जागरूकता को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान PGIMS के ऑन्कोलॉजी विभाग के सीनियर प्रोफेसर डॉ. संजीव प्रसाद ने कहा कि कैंसर के कई लक्षण होते हैं। जिनसे कैंसर होने का पता लगता है।

उन्होंने बताया कि किसी को खाना निगलने में परेशानी हो, मुंह में बार-बार छाले होते हों, खाना अटकता हो, पेशाब की आदत में बदलाव हो, पेशाब रुक-रुककर आता हो, लंबे समय तक खांसी का रहना, खांसने पर खून आना, महिलाओं में गंदे पानी की शिकायत, अपच, पेट का फूलना और बच्चों में बुखार का लंबे समय तक रहना, वजन का कम होना, भूख न लगना आदि कैंसर के लक्षण हो सकते हैं।

इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर कुलसचिव डॉ. एचके अग्रवाल व विशिष्ट अतिथि चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ईश्वर सिंह उपस्थित रहे। कुलसचिव डॉ. एचके अग्रवाल ने कहा कि हमें कैंसर के लक्षणों को नजर अंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर अपनी जांच करवाकर उसका इलाज करवाना चाहिए।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ईश्वर सिंह ने कहा कि कैंसर अब लाइलाज नहीं रहा है। बशर्ते हम उसका समय पर इलाज करवाएं। हमें कैंसर से डरना नहीं है अपितु उसको मिलकर हराना है। डॉ. संजीव प्रसाद ने बताया कि इस वर्ष कैंसर की थीम क्लोज द केयर गैप रखी गई है। उनके विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि इस बीमारी को जड़ से खत्म किया जा सके।

डॉ. संजीव प्रसाद ने कहा कि कैंसर एक ऐसी बीमारी है जो वैश्विक स्तर पर मौत का प्रमुख कारण है। इस रोग से हर साल लाखों लोगों की जान चली जाती है। लोगों को जागरूक करने के लिए नर्सिंग कालेज की छात्राओं द्वारा पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई थी, जिसकी विजेता छात्राओं को कुलसचिव डॉ. एचके अग्रवाल ने पुरस्कृत किया गया।

Exit mobile version