हरियाणा के रोहतक जिले के एक किसान के साथ 1.30 लाख की ठगी हो गई। किसान ने ऑनलाइन साइट पर एक ट्रैक्टर का विज्ञापन देखा था। ट्रैक्टर बेचने वाले से संपर्क किया तो उसने खुद को फौजी बताकर विश्वास में लिया और अपने खातों में ऑनलाइन राशि डलवा ली। 1 लाख 32 हजार 549 रुपए लेने के बाद ठग ने डिलीवरी चार्ज मांगा तो किसान ने खुद के पास और रुपए न होने की बात कही। जिसके बाद ठग ने कॉल डिस्कनेक्ट कर दी और फोन स्विच ऑफ कर लिया। खुद के साथ हुई ठगी का पता लगने के बाद किसान ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए शिकायत पर 9 दिन बाद केस दर्ज करके मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आईएमटी थाना पुलिस को दी शिकायत में राकेश ने बताया कि वह खरावड़ पाना दुर्गाण जिला रोहतक का रहने वाला है। वह खेती-बाड़ी का काम करता है। 3 दिसंबर को उसने सोशल मीडिया पर एक ट्रैक्टर का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर उसने संपर्क किया तो बात करने वाले ने खुद को फौजी बताया। उसने अपनी पहचान मंजीत निवासी गांव सिलाना जिला झज्जर के रूप में बताई। उसने उस ट्रैक्टर की कीमत 1 लाख 75 हजार रुपए बताई। ट्रैक्टर लेन-देन की कीमत पर दोनों की सहमति बन गई।
राकेश ने मंजीत के कहने पर विभिन्न फोन नंबरों पर ऑनलाइन क्रमश: 21999, 33550, 40000, 6000, 6000 रुपए डाल दिए। इतना ही नहीं, उसने अपने दोस्त गौरव निवासी खरावड़ से भी ठग को दो बार 10000 व 15000 रुपए भेज दिए। कुल मिलाकर ठग ने 1 लाख 32 हजार 549 रुपए की ठगी कर ली। इसके बाद ठग से संपर्क किया गया तो उसने 11500 रुपए डिलीवरी के नाम पर मांगे। जिस पर राकेश ने कहा कि उसके खाते में रुपए खत्म हो गए। यह बात सुनते ही ठग ने तुरंत कॉल डिस्कनेक्ट कर दी। इसके बाद उसे फिर से फोन किया तो उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने लगा।
