Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत में कारोबारी से पहले मांगी 2 करोड़ की फिरौती, फिर कर दी फायरिंग, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल

सोनीपत: जिले के खरखौदा क्षेत्र में 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और धमकी देने के बाद एक कारोबारी के दफ्तर पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है. वारदात के बाद फरार हुए दो बदमाशों को स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने हरसाना गांव के पास मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए.

पुलिस की मानें तो खरखौदा निवासी दीपक से नंदू गैंग के नाम पर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी. रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई. धमकी मिलने के करीब आधे घंटे बाद दो बदमाश बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर खांडा रोड स्थित दीपक के कार्यालय पहुंचे और वहां फायरिंग कर फरार हो गए.

फायरिंग की सूचना मिलते ही स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सक्रिय हो गई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई. पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा करते हुए उन्हें गांव हरसाना के पास घेर लिया. पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.

पुलिस ने बदमाशों की फायरिंग के जवाब में कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया. घायलों की पहचान भटाना निवासी अंकित और लहराड़ा निवासी हर्ष के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए खरखौदा नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन देशी पिस्तौल बरामद की हैं. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी कब्जे में ले लिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी किसके इशारे पर वारदात को अंजाम दे रहे थे और उनके अन्य आपराधिक मामलों से क्या संबंध हैं.

इस पूरे मामले में एसीपी क्राइम राजपाल ने बताया कि, “पुलिस को खरखौदा क्षेत्र में फायरिंग की वारदात की आशंका को लेकर पहले से इनपुट मिला था. इसी के चलते क्राइम की सभी टीमों को अलर्ट पर रखा गया था. जैसे ही फायरिंग की घटना की सूचना मिली, स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने तुरंत बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया. हरसाना गांव के पास पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों को घेर लिया. घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए. दोनों आरोपियों को काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की गहन जांच जारी है.”

Exit mobile version