रोहतक के महम में रंगदारी मांगने और व्यापारी से मारपीट का मामला सामने आया है। मनचंदा बेकरी के संचालक राकेश कुमार से आरोपियों ने 10 लाख रुपए की रंगदारी और 1 लाख रुपए मंथली देने की मांग की। व्यापारी के इनकार करने पर आरोपी दुकान में घुसे और उसे कॉलर पकड़कर बाहर ले आए। इसके बाद लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई की।
मारपीट के दौरान व्यापारी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पड़ोसी दुकानदारों ने घायल व्यापारी को अस्पताल पहुंचाया। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पहले दुकान के अंदर व्यापारी से बातचीत करते और फिर उस पर हमला करते नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज कब्जे में ली। महम थाना पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर रोहित सिवाच निवासी भैणी सूरजन और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।घटना के बाद व्यापारियों में रोष है। दुकानदारों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
