हरियाणा के रेवाड़ी में बुधवार (6 मार्च) सुबह हरियाणा रोडवेज बस और कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा महेंद्रगढ़ रोड स्थित सीहा गांव के पास हुआ।

मृतकों की पहचान चरखी दादरी के चांगरोड गांव के रहने वाले अजीत (45), सुरेंद्र उर्फ सुंदर (42), बिल्लू (40), चरखी दादरी के सुई गांव के रहने वाले सूरत (70) और भिवानी के दिनोद गांव के रहने वाले प्रताप (55) के रूप में हुई है। मरने वाले सभी शादी में शामिल होकर चरखी दादरी लौट रहे थे।

रिश्तेदार राम सिंह के अनुसार, सभी लोग बिना सोए 3 दिन से शादी की तैयारियों में लगे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आई है।

दूल्हे अमित के चाचा अजीत के साथ सुंदर, बिल्लू, सूरत और प्रताप बलेनो कार में चरखी दादरी जा रहे थे। करीब 8 बजे सीहा गांव के पास महेंद्रगढ़ से आ रही रेवाड़ी डिपो की रोडवेज बस से कार की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ। करीब 500 मीटर तक आवाज सुनाई दी। बस में भी काफी सवारियां थीं। बस को कुलदीप नाम का ड्राइवर चला रहा था।

आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी को कार से बड़ी मुश्किल से बाहर निकालकर तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।

सूचना पाकर पुलिस के अधिकारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शव मॉर्च्युरी में रखवा दिए हैं। साथ ही मरने वाले लोगों के परिजनों को सूचना दी गई है। परिवार के आने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

चांगरोड गांव के सरपंच के प्रतिनिधि सरजीत यादव ने कहा- ये एक बहुत बड़ा हादसा है। हमारे परिवार के ही ये 5 सदस्य थे। भतीजे अमित की शादी थी। हम पहले बारात अटैंड कर निकल चुके थे। हमें तो ऐसा ही लग रहा है कि बस की रफ्तार कुछ ज्यादा ही थी। अगर बस चालक कंट्रोल कर पाता तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!