हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बुधवार को प्राइवेट बस और क्रेटा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 2 मौसेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों का लोकनायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल में इलाज चल रहा है
जानकारी के मुताबिक, सारसा गांव के कुछ लोग अपने साथी गुरुदेव को इलाज के लिए करनाल ले जा रहे थे। कार में कुल 5-6 लोग सवार थे। लोहार माजरा के पास उनकी कार की टक्कर सामने से आ रही प्राइवेट बस से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे में गुरुदेव और कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, रोहतास, सुखदेव सहित अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद पिहोवा रोड पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ियों को हटवाकर जाम खुलवाया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बस चालक और वाहन मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे का कारण ओवरस्पीड माना जा रहा है, लेकिन पुलिस आधिकारिक पुष्टि के बाद ही कुछ कहने की बात कर रही है।

