Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भंडारे में चली गोलियां: श्रद्धालुओं ने खेतों में छिपकर बचाई जान; गोलीबारी की 3 वारदातों से मचा हड़कंप

सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा आधे घंटे के अंतराल में 2 स्थानों पर पिस्तौल से फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पहले गांव छिन्नौली में वेयर हाउस के ठेकेदार व उसके साथियों पर गोलियों चलाई गई। जिसमे उन्होंने खेतों में छिप कर जान बचाई। इसके आधे घंटे बाद रोहणा गांव में एक घर के बाहर दो फायर किए गए। छिन्नौली के भंडारे में गोलियां चलने से अफरा तफरी मच गई और श्रद्धालु खेतों की तरफ भाग लिए। जानकारी के मुताबिक इन बदमाशों ने रोहतक के हसनगढ़ में भी गोलियां चलाई।

तीनों वारदातों में रोहणा के सचिन उर्फ काग व उसके साथी का नाम आया है। काग दो महीने पहले हुई आपसी कहासुनी के बाद कई लोगों का खून बहाने के प्रयासों में है। पुलिस ने दोनों स्थानों पर मौके से गोलियों के कई खोल बरामद किए हैं। हत्या के प्रयास का केस दर्ज करने के बाद पुलिस की टीमें दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हैं।

खरखौदा क्षेत्र के गांव रोहणा निवासी पवन ने जिले की सीमा पर लगते रोहतक के गांव हसनगढ़ में हिंदुस्तान लीवर कंपनी के वेयर हाउस में सिक्योरिटी का ठेका ले रखा है। गुरुवार सांय वह अपने साथी दीपक व रोहतक के गांव कंसाला का रविंद्र उर्फ रवि के साथ हनुमान जयंती पर गांव छिन्नौली में एक भंडारे में गया था। तीनों प्रसाद लेकर वहां से निकले तो इसी दौरान सचिन उर्फ काग अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और उन पर गोलियां चला दी।

ठेकेदार पवन व उसके दोस्तों ने खेतों में पेड़ों और फसल की आड़ लेकर खुद को किसी तरह से गोलियों से बचाया। गोलियां चलती देख यहां श्रद्धालुओं में भी भगदड़ मच गई। इसके बाद काग उसे जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। पवन ने बताया कि उसका काग के साथ दो महीने पहले विवाद हुआ था। इसके बाद से वह उसकी हत्या के प्रयास में लगा है थाना खरखौदा के ASI जयबीर सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने FSL टीम को बुलाया था। मौके से गोलियों के खोल मिले हैं। पुलिस ने सचिन उर्फ काग व उसके साथी पर धारा 307,34 IPC 25,27-54-59 A एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

छिन्नौली के भंडारे में फायरिंग के बाद सचिन उर्फ काग व उसके साथी करीब आधा घंटा बाद रोहणा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने किराना की दुकान से मोहित का घर पूछा। इसके बाद विशाल के घर के बाहर पिस्तौल से दो गालियां चलाई। गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया और लोग घरों से बाहर निकल आए। बदमाश पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए। विशाल ने बताया कि बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए गोलियां चलाई। पुलिस ने मौके से गोलियों के 2 खोल बरामद किए हैं। ASI सुनील कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने रोहणा में हुई फायरिंग की घटना पर सचिन उर्फ काग व साथी पर धारा 285/34 IPC 25-54-59 A एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

Exit mobile version