हरियाणा में लगातार गैंगस्टर और नशा तस्करों की सम्पत्ति पर खट्टर सरकार का बुलडोजर फिरता चला जा रहा है और इसी तर्ज पर आज रेवाड़ी के कालका रोड पर महर्षि वाल्मीकी ट्रस्ट की जमीन पर बनी 47 से ज्यादा दुकानों पर भी प्रशासन का बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। इस ट्रस्ट का प्रधान बदमाश सुनील ढुलगच है। सुनील आलू गैंग का सरगना है और फिलहाल गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद है। आरोप है कि बगैर नक्शा पास कराए अवैध तरीके से दुकानें बनाकर लोगों को पगड़ी पर बेच दी गई। सभी दुकानें किराए पर है, जिनमें लोगों ने व्यापार किया हुआ है। तोड़फोड़ की कार्रवाई में 3 जेसीबी मशीने लगी हुई हैं।
शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे कार्रवाई शुरू होनी थी। लेकिन एक घंटे की देरी से नगर परिषद के अधिकारियों के अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार भूपसिंह, डीएसपी अमित भाटिया, डीएसपी सुभाष चंद भारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की गई। तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर मौजूद रहे।
दुकानें तोड़े जाने की सूचना के बाद रेवाड़ी से कांग्रेसी विधायक चिरंजीव राव भी पहुंचे और कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। चिरंजीव राव ने कहा कि एक आदमी ने गलती की है तो सजा गरीबों को क्यों दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दुकानें ट्रस्ट की जमीन पर बनी है। ऐसे में ट्रस्ट के सदस्य भी बदले जा सकते है। इस तरह गरीबों द्वारा गाढ़ी कमाई से बनाई गई दुकानें तोड़ना ठीक नहीं है। विधायक करीब एक घंटे तक लोगों के बीच ही रहे। इस दौरान लोगों ने विधायक के सामने कार्रवाई को रूकवाने की मांग भी की।
प्रशासन ने 29 सितंबर तक इन दुकानों को खाली करने का नोटिस ट्रस्ट के गेट पर चस्पा किया था। 30 सितंबर को तोड़फोड़ की कार्रवाई की डेडलाइन दी गई। इन दुकानों पर व्यापार करने वाले लोगों का कहना है कि नगर परिषद ने 2 दिन पहले नोटिस चस्पा किया है। उन्होंने 12 से 15 लाख रुपए देकर पगड़ी पर दुकानें ली हुई हैं, जिसका हर माह किराया भी चुकता करते हैं।
दुकानदारों ने कहा कि अगर दुकानों को बनाने में किसी तरह की खामियां हैं तो ट्रस्ट के प्रधान पर कार्रवाई होनी चाहिए। इन खामियों को पूरा करने के लिए उन्हें समय दिया जाना चाहिए। त्योहार के सीजन में इस तरह तोड़फोड़ करने से उनका पेट पालना भी मुश्किल हो जाएगा।
वहीं दूसरी तरफ गुरुवार देर रात पुलिस बल एरिया में आया, जिसे देखकर कुछ लोगों ने रात में ही दुकानें खाली करनी शुरू कर दीं। इस दौरान सतीश यादव भी पहुंचे और कहा कि अगर किसी ने गलत किया है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। दुकानदारों ने थोड़े गलत किया है।
कुछ दिन पहले ही गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम की टीम ने बार गुर्जर गांव में एनसीआर के खूंखार अपराधी सूबे गुर्जर की आलीशान कोठी ध्वस्त कर दी थी। करीब 500 वर्गगज में बनी इस आलीशान कोठी को गिराने में दो दिन का वक्त लग गया था। निगम का कहना था कि गैंगस्टर ने इस कोठी को अवैध तरीके से बनाया था। सूबे गुर्जर पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, रंगदारी, फिरौती जैसे 40 से ज्यादा मामला दर्ज है। फिलहाल वह भोंडसी जेल में बंद है। उस पर गुरुग्राम, दिल्ली, नूहं, मेवात, पलवल और रेवाड़ी में काफी मामले दर्ज है।

