अंबाला। अंबाला छावनी के लालकुर्ती इलाके में बेसहारा पशुओं का आतंक एक बार फिर सामने आया है। सोमवार सुबह स्कूल जा रही 10वीं कक्षा की छात्रा पर सड़क किनारे खड़े एक सांड ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि सांड ने छात्रा को सींगों से करीब 6 से 7 फीट तक हवा में उछाला और सड़क पर पटक दिया। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके माथे पर आठ टांके लगाने पड़े।
घायल छात्रा की पहचान खुशी के रूप में हुई है। वह अंबाला छावनी के खालसा स्कूल-टू में 10वीं कक्षा की छात्रा है।
सुबह करीब 7:15 बजे हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, खुशी सोमवार सुबह रोजाना की तरह बैग लेकर स्कूल जा रही थी। करीब 7:15 बजे जब वह लालकुर्ती इलाके से गुजर रही थी, तभी सड़क किनारे खड़े सांड ने उसकी तरफ हमला कर दिया।
पहले हमले से छात्रा किसी तरह बच गई, लेकिन इससे पहले कि वह संभल पाती, सांड ने पीछे से दोबारा हमला कर दिया। सांड ने उसे सींगों से उठाकर करीब 6 से 7 फीट तक उछाल दिया और सड़क पर पटक दिया।
डिवाइडर पर गिरते ही हुई बेसुध
हमले के बाद छात्रा माथे के बल सड़क पर बने डिवाइडर पर जा गिरी और बेसुध हो गई। घटना देखकर आसपास मौजूद लोग उसकी मदद के लिए दौड़े। राहगीरों ने घायल छात्रा को उठाकर अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
चोट गंभीर होने के कारण छात्रा के माथे पर आठ टांके लगाने पड़े। छात्रा को पटकने के बाद सांड मौके से भाग गया।
घटना ने शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों तक के लिए सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशु खतरा बन रहे हैं।

