रोहतक के गांव भैसरू खुर्द निवासी BSF के जवान को साइबर ठगी का निशाना बनाया। BSF जवान की फिलहाल दिल्ली में ड्यूटी है। उन्होंने अपने परिचित को पेटीएम से 5 हजार रुपए भेजे तो वह ट्रांजैक्शन नहीं हो पाई। इसलिए गूगल से कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया, लेकिन वह नंबर साइबर ठगों का जा निकला।
गांव भैसरू खुर्द निवासी अजीत सिंह ने बताया कि वे BSF में तैनात हैं। फिलहाल उनकी ड्यूटी दिल्ली में आई हुई है। उसके किसी परिचित को 5 हजार रुपए की जरूरत थी। इसलिए उसने अपने परिचित को पेटीएम के माध्यम से 5 हजार रुपए भेजे। लेकिन उसके परिचित को नहीं मिले। ट्रांजैक्शन में कोई दिक्कत आ गई।
ट्रांजैक्शन नहीं होने के कारण उसके परिचित ने सलाह दी कि कस्टमर केयर से बात की जाए। इसके बाद अजीत सिंह ने गूगल से कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। गूगल पर गूगल पर एक मोबाइल नंबर मिला। वहां मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क किया और सामने वाले से बातचीत की तो उसने अपनी बातों में उलझा लिया।
उन्होंने कहा कि फोन कॉल पर बात करने वाले ने उसके फोन को हेक कर लिया। वहीं कॉल के दौरान जो भी जानकारी पूछी गई, वह जानकारी अजीत सिंह देता रहा। ताकि उसकी समस्या का समाधान हो सके। इसके बाद पूरी जानकारी लेकर सामने वालों ने फौजी को ठगी का शिकार बनाया।
अजीत सिंह ने बताया कि उसके खाते से 2 ट्रांजैक्शन हुई है। जिनमें से एक 20 हजार रुपए की व दूसरी 25 हजार रुपए की। दोनों ट्रांजैक्शन में कुल 45 हजार रुपए ठगे गए हैं। जब इस ठगी का पता लगा तो उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

