हरियाणा के रोहतक में 10 वर्षीय बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने पहले बच्चे को थप्पड़ मारा और फिर उसे उठाकर सड़क पर पटक दिया। इस घटना में बच्चे के सिर में चोट लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में आरोपी बच्चे के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। शोर सुनकर एक राहगीर मौके पर पहुंचा, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों का कहना है कि थप्पड़ लगने के बाद से बच्चे को सुनने में परेशानी हो रही है। मामले की शिकायत मिलने पर कलानौर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गांव मांडोदी निवासी संजय ने कलानौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 जुलाई को उसका 10 वर्षीय बेटा प्रिंस गली में खेल रहा था। इसी दौरान उसका पड़ोस में रहने वाले एक बच्चे से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद दूसरा बच्चा अपने पिता सुरेश को मौके पर बुलाकर ले आया। हालांकि, उस समय आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
शिकायतकर्ता संजय के अनुसार, उसी रात उसका बेटा प्रिंस दुकान से सामान लेने गया था। आरोप है कि रास्ते में पड़ोसी सुरेश ने उसे रोक लिया। इसके बाद उसने पहले साइकिल से बच्चे को टक्कर मारी, फिर उसके साथ मारपीट की और कई थप्पड़ जड़ दिए। आरोप है कि इसके बाद सुरेश ने प्रिंस को उठाकर सड़क पर पटक दिया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। शोर सुनकर एक राहगीर मौके पर पहुंचा, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पीड़ित बच्चे के पिता संजय का आरोप है कि घटना की शिकायत करने जब वह आरोपी के घर पहुंचे तो वहां उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान उनके गले पर खरोंचें आईं और एक कान से सुनने में परेशानी होने लगी। चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में कान के पर्दे में चोट होने की आशंका जताई है।
संजय ने बताया कि बच्चे के साथ हुई पूरी मारपीट की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी बच्चे को थप्पड़ मारते और उठाकर सड़क पर पटकते हुए दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कलानौर थाना पुलिस के अनुसार, 10 वर्षीय बच्चे के साथ मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। परिजनों ने शिकायत के साथ घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
