Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत में बहन की डोली से पहले उठी भाई की अर्थी- 3 दिन बाद होना था रिश्ता तय, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

पानीपत जिले के मतलौडा बस स्टैंड के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक करनाल से पानीपत एक शादी समारोह में शामिल होने आया था जिसे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। और उसकी जान चली गई।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की बड़ी बहन की आज शादी है और आगामी बुधवार को युवक का भी रिश्ता तय होना था। मगर विधाता को शायद कुछ और ही मंजूर था। जो परिवार बेटी विदाई और बहू के स्वागत की तैयारियों में मशगूल था, उस परिवार में अब मातम छा गया है।

मतलौडा थाना पुलिस को दी शिकायत में रोहित कुमार ने बताया कि वह गांव बुढनपुर आबाद जिला करनाल का रहने वाला है। वे चार भाई और एक बहन हैं। सबसे बड़ी बहन है। उससे छोटा भाई अभिषेक कुमार (26) था, जोकि बीती रात 11 बजे करनाल से मतलौडा के गांव अदियाना में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक पर सवार होकर निकला था।

रात करीब 2 बजे रोहित को सूचना मिली की अभिषेक का मतलौडा अड्‌डे के पास एक्सीडेंट हो गया है। उसकी मतलौडा से पानीपत सिविल अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सूचना मिलने पर रोहित परिवार समेत तुरंत पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचा। जहां उन्होंने उसकी पहचान की। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक पेशे से राजमिस्त्री था।

Exit mobile version