Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जीजा ने नौकरी के नाम पर ठग लिया पैसा…अमन ने सल्फास खाकर दी जाजेब से मिला दो पेज का सुसाइड नोट; पुलिस ने 3 आरोपियों पर केस दर्ज किया

हरियाणा के कैथल जिले के गांव खेड़ी शेरखां निवासी 24 वर्षीय अमन की आत्महत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अमन की जेब से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपने जीजा दीपक, उसके पिता बलवंत और जयभगवान को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक के पिता शमशेर ने राजौंद थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी ज्योति की शादी जींद जिले के गांव डूमरखां खुर्द निवासी दीपक के साथ हुई है। करीब छह महीने पहले दीपक ने अमन को रेलवे में टीटी की सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था और इसके लिए पैसे मांगे थे।

परिजनों के अनुसार, अमन ने परिवार को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उसे 3 लाख 50 हजार रुपए देकर दीपक के पास भेजा गया। आरोप है कि दीपक अमन को अपने साथ बीकानेर ले गया, लेकिन रेलवे में टीटी की नौकरी दिलाने के बजाय उसे रेल कोचों में चादर बदलने और साफ-सफाई के काम पर लगा दिया।

शिकायत के मुताबिक दीपक लगातार अमन को भरोसा देता रहा कि जल्द ही उसकी टीटी पद पर नियुक्ति हो जाएगी। इसी विश्वास में परिवार ने अप्रैल 2026 में अमन की शादी भी कर दी। बाद में जब रिश्तेदारों को पता चला कि अमन सरकारी कर्मचारी नहीं बल्कि ठेके पर काम कर रहा है, तो उसके वैवाहिक जीवन में भी तनाव शुरू हो गया। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा।

परिजनों का आरोप है कि इसी तनाव के चलते 10 जून को अमन ने अपने कमरे में सल्फास खा लिया। गंभीर हालत में उसे पहले नरवाना के नागरिक अस्पताल और बाद में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अमन की जेब से मिले सुसाइड नोट में लिखा गया है कि उसकी मौत के लिए उसके माता-पिता जिम्मेदार नहीं हैं। उसने नोट में आरोप लगाया कि दीपक ने सरकारी नौकरी का झांसा देकर उससे 3.5 लाख रुपए लिए, न नौकरी लगवाई और न ही पैसे लौटाए। अमन ने यह भी लिखा कि इन लोगों की वजह से उसका घर उजड़ गया और उसे आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा।

सुसाइड नोट में अमन ने अपनी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने के भी आरोप लगाए हैं। उसने पुलिस से तीनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

राजौंद थाना के एडिशनल एसएचओ सुनील कुमार ने बताया कि शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर दीपक, बलवंत और जयभगवान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version