Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जीजा ने 15 साल की साली से रेप किया:सिरसा में 5 महीने की गर्भवती हुई; आरोपी ने नाबालिग की बहन से लव मैरिज की थी

सिरसा में एक 15 साल की लड़की से उसके सगे जीजा ने रेप किया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब नाबालिग 5 महीने की गर्भवती हो गई। नाबालिग ने डर की वजह से पहले परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में पेट दर्द व अन्य दिक्कत होने पर परिवार ने उसका चेकअप कराया।

इसी दौरान उसने परिजनों को पूरी बात बताई। शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर डबवाली सदर थाना पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने नाबालिग की बहन से लव मैरिज की थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक की उम्र 23 साल है। करीब दो साल पहले उसने गांव की ही एक युवती से लव मैरिज की थी। दोनों एक-दूसरे के पड़ोसी हैं। शादी के बाद दोनों परिवारों में अनबन हुई और कुछ समय तक युवक-युवती गांव से बाहर रहे। बाद में परिवारों से बातचीत शुरू हुई और दोनों वापस गांव में रहने लगे।

इसके बाद युवक का पत्नी के मायके आना-जाना होने लगा। इसी दौरान वह अपनी 15 साल की साली के संपर्क में आया। आरोप है कि मौका मिलने पर उसने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी का करीब एक साल का बेटा भी है। पत्नी और परिवार को घटना की भनक तक नहीं लगी।

पुलिस जांच के अनुसार, नाबालिग ने बताया कि घटना अप्रैल की है। एक दिन वह घर पर अकेली थी, जबकि परिवार के लोग काम के लिए बाहर गए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान जीजा ने उसके साथ दो से तीन बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और किसी को बताने पर धमकी दी। डर के कारण नाबालिग ने यह बात परिवार को नहीं बताई। वह कई महीनों तक चुप रही।

पुलिस के मुताबिक, कुछ समय बाद नाबालिग को पेट दर्द और अन्य दिक्कतें होने लगीं। परिवार को शक हुआ तो उन्होंने उसका चेकअप कराया। जांच के दौरान उसके करीब 5 महीने की गर्भवती होने की बात सामने आई। इसके बाद परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने जीजा द्वारा रेप किए जाने की बात कही। इसके बाद परिवार ने सोमवार को डबवाली पुलिस को शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

डबवाली सदर थाना प्रभारी दलीप कुमार ने कहा कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नियमानुसार BNS और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई। छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version