Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जेठ ने की छोटे भाई की पत्नी की हत्या:लेडीज संगीत में डांस करने पर उतारा मौत के घाट

हरियाणा के रोहतक जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। रिठाल गांव में एक व्यक्ति ने अपनी ही भाभी की दरात से काटकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब महिला पड़ोस में आयोजित लेडीज संगीत कार्यक्रम से घर लौटी थी।

मृतका की पहचान 39 वर्षीय प्रवेश के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 16 साल पहले सुखबीर फोगाट से हुई थी।

डांस करने पर भड़का जेठ
जानकारी के अनुसार, गांव में पड़ोसियों के यहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था। रविवार रात को लेडीज संगीत में प्रवेश भी शामिल हुई और अन्य महिलाओं के साथ डांस किया। इसी बात को लेकर उसका जेठ जसबीर फोगाट नाराज हो गया।

जैसे ही प्रवेश घर लौटी, आरोपी ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया और गुस्से में आकर दरात से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने सिर, मुंह, छाती और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए।

बच्चों के सामने मां की हत्या
घटना के समय प्रवेश के तीनों बच्चे घर में सो रहे थे, जबकि उसका पति और सास घर पर नहीं थे। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।

कुछ देर बाद जब बेटा उठा तो उसने मां को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा। उसने तुरंत अपने मामा को फोन कर सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में प्रवेश को Pt. B.D. Sharma PGIMS Rohtak ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पहले भी मिल चुकी थी धमकी
मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पहले से ही हत्या की साजिश रची थी। मृतका के भाई के अनुसार, पिछले महीने एक पारिवारिक कार्यक्रम (भात) में जाने को लेकर आरोपी ने प्रवेश को जान से मारने की धमकी दी थी।

परिजनों का कहना है कि जसबीर अक्सर प्रवेश को घर से बाहर जाने और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने से रोकता था, जिसको लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घिलौड़ चौकी इंचार्ज मुकेश ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Exit mobile version