हरियाणा के हिसार में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त के साथ मिलकर अपनी बहन के घर से मंगलसूत्र चोरी कर लिया। चोरी के बाद दोनों आरोपियों ने मंगलसूत्र को ₹50 हजार में फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान नमन (निवासी उधपुरिया मोहल्ला) और राहुल (निवासी खारिया डोभी) के रूप में हुई है। मामले की जांच सिविल लाइन थाना पुलिस कर रही है।
बहाने से बहन को घर से बाहर भेजा
प्रेम नगर निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका भाई नमन नशे का आदी है। घटना वाले दिन वह अपने दोस्त राहुल के साथ उसके घर आया। दोनों ने किसी बहाने से महिला को उसकी मां के घर छोड़ दिया। इसके बाद दोनों आरोपी वापस महिला के किराए के मकान पहुंचे और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखा मंगलसूत्र चोरी कर फरार हो गए।
जब महिला घर लौटी तो अलमारी खुली मिली और मंगलसूत्र गायब था। शक होने पर उसने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस को सौंपी, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।
₹50 हजार में गिरवी रखा मंगलसूत्र
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी किया गया मंगलसूत्र उन्होंने मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी में ₹50 हजार के बदले गिरवी रख दिया था।
पुलिस ने आरोपी नमन के कब्जे से ₹26,600 नकद और एक मोबाइल फोन, जबकि राहुल के पास से ₹5,000 नकद, एक मोबाइल फोन और फाइनेंस कंपनी की गिरवी रसीद बरामद की है। कुल मिलाकर पुलिस ने ₹31,600 नकद, दो मोबाइल फोन और गिरवी से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
सीसीटीवी से मिली सफलता
एसपी सिद्धांत जैन (IPS) ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, फाइनेंस कंपनी से मंगलसूत्र बरामद करने की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
एसपी की अपील
एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि अपराधी चाहे कोई भी हो, कानून से बच नहीं सकता। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
