रेवाड़ी में जैसलमेर हाईवे (NH-11) पर सड़क हादसे में घायल हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) के जवान की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि उसके साथी का अभी इलाज चल रहा है। दोनों एक शादी समारोह से वापस बाइक पर घर लौट रहे थे। तभी उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी थी। इस मामले में खोल थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी जिले के गांव मनेठी निवासी उमेश यादव (27) सीमा सड़क संगठन (BRO) में तैनात थे। उनकी पोस्टिंग फिलहाल लेह में थी। उमेश 1 माह 5 दिन की छुट्टी लेकर घर आए हुए थे। बीते दिन वह अपने दोस्त अनूप के साथ रेवाड़ी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। दोनों एक बाइक पर बैठकर वापस अपने घर मनेठी जा रहे थे। तभी एनएच-11 पर नांधा मोड के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी
हादसे में उमेश व अनूप दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों घायलों को रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया था। परिजन दिल्ली की बजाए उमेश की हालत ज्यादा गंभीर होने पर गुरुग्राम के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे थे, जहां पर उमेश का इलाज चल रहा था। बीती देर शाम उमेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
बता दें कि मृतक जवान उमेश यादव की करीब 11 माह पहले ही शादी हुई थी। परिवार में वह अपने पीछे माता-पिता व पत्नी को छोड़ गया। उमेश की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। खोल थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी चेक की जा रही है, जिससे उसकी पहचान हो सके।

