Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

विनेश फोगाट के गृहजिले में बृजभूषण:राजपूत सभा ने चांदी का मुकुट पहनाया, खाप पंचायतें विरोध में; MP-MLA ने मंच साझा नहीं किया

भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के BJP नेता बृजभूषण शरण सिंह कड़ी सुरक्षा के बीच हरियाणा में पहलवान विनेश फोगाट के गृहजिले चरखी दादरी में पहुंच गए हैं। यहां बृजभूषण ने वियतनाम में अंडर-17 एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहलवान रचना परमार और भाजपा नेता व पहलवान योगेश्वर दत्त को सम्मानित किया।

गांव बौंद कलां में यह कार्यक्रम राजपूत सभा ने रखा है लेकिन खाप पंचायतें इसका विरोध कर रही हैं। फोगाट खाप का कहना है कि बृजभूषण के खिलाफ विनेश फोगाट की अगुआई में पहलवानों ने आंदोलन किया था। उनके आने से आपसी भाईचारा खराब होगा। रोहतक की नहरा खाप ने भी विरोध किया है। वहीं राजपूत सभा ने चेतावनी दी कि अगर असामाजिक तत्व विरोध करने पहुंचे तो इनका इलाज किया जाएगा।

इससे पहले भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से BJP सांसद चौधरी धर्मबीर और दादरी से भाजपा विधायक सुनील सांगवान बृजभूषण से पहले कार्यक्रम में पहुंचे। सांसद ने थोड़ी देर संबोधन किया, इसके बाद वह और विधायक सांगवान कार्यक्रम से चले गए। उन्होंने इसके पीछे समय के अभाव की वजह बताई।

Exit mobile version