Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

खाकी पर लगा रिश्वत का दाग: दुकानदार से लिए 300 रुपए,शिकायत करने पर पत्नी संग आकर दी धमकी, कि नौकरी गई तो अंजाम भुगतना होगा

YouTube player

पानीपत में एक बार फिर खाकी पर लगा रिश्वत का दाग। रिश्वत मांगने की शिकायत जब एसपी को करी गई तो इस पर भड़का पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल अपनी पत्नी के साथ पीड़ित फूल विक्रेता की दुकान पर पंहुच गया और जान से मारने की धमकी दी साथ ही कर्मी की पत्नी ने केस वापस न लेने पर उनका नाम लिखकर सुसाइड करने की धमकी भी दे डाली।

आरोपी रिश्वतखोर हेड कांस्टेबल रविंद्र

इस पूरे घटनाक्रम की एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने वीडियो बना ली, जिसे बतौर सबूत एसपी के सामने पेश किया गया। इन सुबूतों व एक और शिकायत के आधार पर आरोपी रिश्वतखोर पुलिसकर्मी व उसकी पत्नी पर पुलिस ने जान से मारने की धमकी देने की आईपीसी की धारा 506 के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

आरोपी रिश्वतखोर हेड कांस्टेबल की आरोपी पत्नी मिनाक्षी।

चांदनीबाग थाना पुलिस को दी शिकायत में महिला सुहासी ने बताया कि उसकी सनौली रोड पर फूलों की दुकान है। कुछ दिन पहले रविंद्र हवलदार ने उसके पति तरुण उर्फ सोनू से रिश्वत के 300 रुपए लिए थे। इस बारे में उन्होंने एसपी को शिकायत दी थी। एसपी ने इसकी जांच डीएसपी ट्रैफिक को सौंपी थी।

29 मार्च की सुबह साढ़े 8 बजे हवलदार रविंद्र अपनी पत्नी मीनाक्षी के साथ बाइक पर सवार होकर उनकी दुकान पर आया। वे शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने पहुंचे थे। दोनों सुबह से दोपहर तक उन पर दबाब बनाते रहे। इसके बाद आरोपी हवलदार ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी आशीष को फोन कर मामले को निपटवाने का दबाव बनाया।

रिश्वतखोर पुलिसकर्मी और उसकी पत्नी से परेशान होकर पीड़ित दुकानदार सोनू दिनभर अपनी दुकान से बाहर रहा। रिश्वतखोर रविंद्र ने सुहासी को कहा कि अगर उसकी नौकरी चली जाएगी तो वह इसकी रंजिश कही न कही उनसे जरूर निकालेगा। उसने दंपति को जान से मरवाने की भी धमकी दी। कहा कि पानीपत में सिर्फ उसके ही पास पिस्तौल है।
शाम साढ़े 7 बजे तक जब रिश्वतखोर पुलिसकर्मी दंपति उन्हें धमकाते रहे तो सुहासी ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी आशीष को कॉल करके दुकान पर बुला लिया। आशीष के साथ सोनू भी दुकान पर पहुंचा। रविंद्र की पत्नी मीनाक्षी ने धमकी दी की अगर शिकायत वापस नहीं ली तो वह सुहासी और तरुण का स्टांप पेपर पर नाम लिख कर मर जाएगी।

मौके पर खड़े ट्रैफिक पुलिसकर्मी हवलदार आशीष ने इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो बनाई। वीडियोग्राफी के दौरान भी आरोपी दंपति उन्हें सुसाइड व जान से मारने की धमकी देते रहे। इसके बाद हवलदार आशीष ने डायल 112 पर कॉल की और मौके पर पुलिस को बुलाया। मगर पुलिस के आने से पहले ही आरोपी मौके से बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया।

Exit mobile version