रोहतक जिले में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत एक लाख 80 हजार रुपए तक आय वाले बीपीएल परिवार को 30 गज का प्लाट एक लाख रुपए में देने की कवायद शुरू हो गई है। पात्र परिवार योजना के तहत शहरी क्षेत्र में 30 गज का प्लॉट लेने के लिए 30 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन करें, जिसका न्यूनतम बुकिंग अमाउंट 10 हजार रुपए रखा गया है।
मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत प्रदेशभर के 16 जिलों में पात्र परिवार को 15696 प्लॉट देने के लिए सरकार ने योजना तैयार की है। प्लॉट के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत मकान का निर्माण करने के लिए दो लाख 50 हजार रुपए भी अनुदान के रूप में पात्र परिवार को दिए जाएंगे। ताकि उसे मकान बनाने में परेशानी ना हो।
मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवेदन करने वालों में सरकार घुमंतु जाति के परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर प्लॉट देगी। ऑनलाइन आवेदन के दौरान पात्र परिवार को बुकिंग अमाउंट मात्र 10 हजार रुपए जमा करवाना है, बाकी रुपए बाद में किस्तों के रूप में देने होंगे।
मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन करते समय साइट का नक्शा भी देखा जा सकता है। वेबसाइट भी सरकार की योजना के तहत नक्शे डाले गए है। आवेदन के दौरान सरल बुकिंग भुगतान विकल्प भी उपलब्ध करवाया गया है, ताकि पात्र परिवार इस योजना का लाभ उठा सके।
सरकार की योजना के तहत रोहतक सहित 16 शहरों में 15696 प्लॉटों का प्रावधान किया गया है। इसमें रोहतक, चरखी दादरी, सिरसा, फतेहाबाद, सफीदों, महेंद्रगढ़, पलवल, बहादुरगढ़, हिसार, झज्जर, जगाधरी, अंबाला, रेवाड़ी, करनाल, जुलाना व जींद शामिल है। इस योजना के बारे में हाउसिंग फॉर ऑल विभाग हरियाणा के फोन नंबर 0172-3520001 अथवा पोर्टल www.hfa.haryana.gov.in पर जाएं।
