Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक सुनारियां जेल के पास युवक की हत्या मामले में शामिल दोनो आरोपी गिरफ्तार; पत्नी को नौकरी से निकालने से भड़के पति ने दिया वारदात को अंजाम

रोहतक में ड्यूटी के बाद दोस्त के साथ घर लौट रहे एक युवक की रंजिशन चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस वारदात में शामिल मुख्य आरोपी सहित 2 को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान गांव बल्लभ निवासी प्रवीण के तौर पर हुई। वह रोहतक में एक निजी कंपनी में काम करता था।

मृतक प्रवीण का फाइल फोटो

उप पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुण्डु ने बताया कि दिनांक 10.03.2023 को रात के समय पुलिस को सूचना मिली की गांव बल्लम निवासी युवक चाकू लगने से पीजीआईएमएस रोहतक मे दाखिल हुआ है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

गांव बल्लभ निवासी सतबीर ने बताया कि उसका बेटा प्रवीण (32) रोहतक स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। हर रोज मोटरसाइकिल पर सवार होकर रोहतक आता है और रात को घर लौटता था। उसके साथ गांव का ही एक युवक नवीन भी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। दोनों एक ही बाइक पर आते-जाते थे।

मृतक के पिता सतबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में लिखा कि नवीन ने बताया कि प्रवीण पर अमरजीत ने चाकू से हमला किया है और जान से मारने की धमकी दी है। करीब डेढ़-दो माह पहले फोन करके भी प्रवीण को जान से मारने की धमकी दी थी। क्योंकि अमरजीत की पत्नी गीता को नौकरी से निकाल दिया था। इसी रंजिश में अमरजीत ने यह हमला किया है।

सतबीर ने बताया कि शुक्रवार देर रात को प्रवीण व नवीन ड्यूटी खत्म करके मोटरसाइकिल से वापस अपने घर जा रहे थे। वे दोनो जब सुनारिया जेल के नजदीक रात करीब 8 बजे ड्रेन न. 8 के पास पहुंचे तो दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आये व प्रवीण की मोटरसाइकिल के आगे अडा कर मोटरसाइकिल को रोक लिया। एक युवक ने नवीन को पकड लिया व दूसरे युवक ने प्रवीण की छाती पर चाकू से वार किये व मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गये , वहीं साथी युवक नवीन उसे लहूलुहान हालत में रोहतक पीजीआई लेकर आया। वहां पर पर डॉक्टरों ने प्रवीण को मृत घोषित करके इसकी सूचना पुलिस को दे दी।

शिवाजी कॉलोनी पुलिस थाना के प्रभारी निरीक्षक शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने छापेमारी करते हुए वारदात में शामिल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनकी पहचान शीतल नगर निवासी अमरजीत व उत्तर प्रदेश के जिला उन्नाव के हमीरपुर हाल किराएदार गांधी कैंप निवासी नीरज को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियो को कल पेश अदालत कर पुलिस रिमांड पर हासिल किया जाएगा। मामलें की गहनता से जांच जारी है।

मृतक प्रवीण का फाइल फोटो
Exit mobile version