Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में बम की धमकी से हड़कंप: कोर्ट कॉम्पलेक्स-DC ऑफिस खाली, सर्च में नहीं मिला कुछ

रोहतक में जिला कोर्ट की आधिकारिक ईमेल पर कोर्ट कॉम्पलेक्स और डीसी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। आर्य नगर थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर कोर्ट कॉम्पलेक्स और डीसी कार्यालय को खाली करवाकर पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार, जिला कोर्ट की मेल आईडी पर खालिस्तान की तरफ से मेल आई थी, जिसमें बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद कोर्ट कॉम्पलेक्स को खाली करवाकर सर्च अभियान चलाया गया। वहीं, डीसी ऑफिस में भी पुलिस की तरफ से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि सर्च ऑपरेशन के बाद कहीं कुछ नहीं मिला।

आर्य नगर थाना प्रभारी नरेश राठी ने बताया कि जिला कोर्ट की ईमेल आईडी पर धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद कोर्ट कॉम्पलेक्स और डीसी कार्यालय में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।

बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा ने बताया कि कोर्ट की अधिकारिक मेल पर बम से उड़ाने की धमकी का मैसेज आया था, जिसके बाद बार एसोसिएशन की तरफ से भी सावधानी बरती गई है। पुलिस के साथ मिलकर सर्च अभियान में सहयोग दिया गया।

Exit mobile version