Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम में नहर में मिली महिला की लाश:4 साल पहले हुई शादी, पति की मौत से सदमे में थी, 3 दिन से लापता

गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे के पास धनकोट नहर से एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान देवीलाल कॉलोनी निवासी मोनम के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह 10 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे घर से लापता हुई थी। इसके बाद न्यू कॉलोनी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। बुधवार सुबह राहगीरों ने नहर में शव देखा, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकाला गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

धनकोट नहर के पास से गुजर रहे राहगीरों की नजर पानी में तैर रही एक वस्तु पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उन्हें महिला का शव दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर और राजेंद्रा पार्क थाने की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। शव की हालत काफी खराब थी।

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मोनम 10 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे अचानक घर से निकल गई थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की।

काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने न्यू कॉलोनी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस महिला की तलाश कर रही थी।

जांच में सामने आया है कि मोनम की शादी साल 2022 में हुई थी। करीब आठ महीने पहले राजीव नगर में उसके पति की छत से गिरने से मौत हो गई थी।

परिजनों के मुताबिक पति की मौत के बाद मोनम गहरे सदमे में थी। उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं चल रहा था और उसका इलाज चल रहा था।

पुलिस ने शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी। शव की हालत खराब होने के कारण उसे पोस्टमॉर्टम के लिए SGT अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस यह जांच कर रही है कि महिला की मौत नहर में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और न्यू कॉलोनी समेत संबंधित थाना पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

Exit mobile version