Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अमेरिका से भारत पहुंचा करनाल के युवक का शव:कैलिफोर्निया सड़क हादसे में हुई मौत, 2 साल पहले प्लाट बेचकर गया था

हरियाणा में करनाल जिले के बाल बालरागड़ान के 24 वर्षीय युवक की अमेरिका सड़क हादसे में मौत के बाद उसका शव सोमवार देर रात को अमेरिका से भारत लाया गया। आज सुबह उसका शव को दिल्ली एयरपोर्ट से एम्बुलेंस के जरिए उनके पैतृक गांव लाया गया।

गौरव का शव जब घर पर पहुंचा, तो उसकी मां व उसकी बहन दोनों ही बेहोश हो गई। अंतिम दर्शन के बाद हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार के लिए गांव के ही श्मशान घाट पर ले जाया गया

जहां पर गौरव के पिता ने नम आखों से अपने इकलौते बेटे को मुखाग्नि दी। परिजनों ने बताया कि शव को भारत लाने में करीब 25 लाख रुपए से ज्यादा खर्च आया है। 2 साल पहले बेटे को प्लाट बेचकर 50 लाख रुपए लगाकर अमेरिका भेजा था। परिजनों ने सरकार व प्रशासन से शव भारत लाने की गुहार भी लगाई थी। अब गांव के लोगों व अमेरिका में रह रहे भारतीयों की मदद से आज गौरव का शव भारत आ पाया है।

गांव बालरागड़ान निवासी गौरव के पिता रामफल ने बताया कि वह परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए करीब 2 साल पहले अमेरिका गया था। उस समय मैंने उसे जाने से मना भी किया था लेकिन वह नहीं माना। जिसके बाद उसने प्लॉट व दुकान बेचकर बेटे को अमेरिका भेजा। गौरव डंकी रूट से 6 महीनों में अमेरिका पहुंचा था।

अब 13 दिन पहले उनके पास फोन आया कि गौरव की कैलिफोर्निया सड़क हादसे में मौत हो गई है। उसका ट्रक बेकाबू होकर खाई में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई

पिता ने बताया कि हादसे से पहले यानी 26 मई को गौरव ट्रक लेकर निकला था। रास्ते में एक रेस्टोरेंट पर चाय पीने के लिए रुका और उसने घर फोन कर बताया कि वह ट्रक चला रहा है और कुछ देर बाद फिर बात करेगा। यह कॉल उसकी घरवालों के साथ हुई बातचीत की आखिरी कॉल साबित हुई।

अमेरिकी पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट से निकलने के बाद वह कुछ ही दूरी चला था कि अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक खाई में जा गिरा। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 27 मई को दोपहर करीब ढाई बजे परिवार को फोन आया, जिसमें अमेरिकी पुलिस ने हादसे और मौत की जानकारी दी।

गौरव के पिता ने बताया कि गौरव परिवार का बड़ा और इकलौता बेटा था, उसकी एक छोटी बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। अब परिवार में मैं और मेरी पत्नी ही रह गए। पिता ने कहा कि अब तो हमारा संसार उजड़ गया है। गौरव की मौत के बाद हम पति पत्नी पूरी तरह से टूट चुके है।

Exit mobile version