Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम के होटल में बाथटब में मिला UK में नौकरी करने वाले इंजीनियर का शव: ऋषिकेश घूमकर लौटे थे, रात बिताने के लिए लिया था कमरा; जल्द होने वाली थी शादी

गुरुग्राम। सेक्टर-53 स्थित एक होटल में यूनाइटेड किंगडम (UK) से भारत लौटे 35 वर्षीय इंजीनियर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। वह उत्तराखंड के ऋषिकेश में घूमने के बाद सोमवार को गुरुग्राम पहुंचे थे। रात को होटल के कमरे में बने जकूजी (बाथटब) में वह अचेत अवस्था में मिले। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मृतक की पहचान प्रांजिल पाठक के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की ओल्ड ईदगाह कॉलोनी के रहने वाले थे और UK की एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह मैनचेस्टर में रहते थे।

दोस्त को एयरपोर्ट छोड़कर होटल पहुंचे थे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रांजिल हाल ही में UK से भारत आए थे। सोमवार को ऋषिकेश में छुट्टियां बिताने के बाद वह गुरुग्राम लौटे। इसके बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अपने एक दोस्त को छोड़ने गए। दोस्त की फ्लाइट के बाद उन्होंने रात रुकने के लिए सेक्टर-53 स्थित ओरसम होटल में कमरा नंबर 302 बुक किया था।

रात करीब 8 बजे होटल स्टाफ को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। कमरे की जांच करने पर प्रांजिल जकूजी के पानी में अचेत अवस्था में मिले। इसके बाद डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज खंगाले, कमरा अंदर से था लॉक

घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। होटल की तीसरी मंजिल और एंट्री-एग्जिट पॉइंट के CCTV फुटेज भी खंगाले गए।

जांच अधिकारी के मुताबिक, प्रांजिल के कमरे में जाने के बाद किसी बाहरी व्यक्ति के अंदर जाने की बात सामने नहीं आई है। कमरे का दरवाजा अंदर से लॉक था।

UK में होने वाली थी शादी, परिवार कर रहा था तैयारी

प्रांजिल की मौत की खबर से आगरा स्थित उनके परिवार में शोक छा गया। बताया जा रहा है कि उनका करियर अच्छा चल रहा था और जल्द ही UK में उनकी शादी होने वाली थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

जांच अधिकारी अजय के अनुसार, फिलहाल मौत के कारण के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जकूजी में नहाते समय दिल का दौरा पड़ने, पैर फिसलने या दम घुटने सहित कई संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version