Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत में तालाब में मिला 16 वर्षीय लापता लड़की का शव, चेहरे पर जलने के निशान; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के बहालगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार शाम तालाब से 16 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ। किशोरी 28 अक्टूबर से लापता थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि शव का चेहरा किसी ज्वलनशील पदार्थ से जलाया गया था। उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते कुछ रिश्तेदारों पर हत्या कर शव तालाब में फेंकने का शक जताया है।

परिजनों के अनुसार, किशोरी के लापता होने से पहले 28 अक्टूबर को एक युवक पर घर में घुसकर उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश का आरोप लगा था। परिवार ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इसी दिन किशोरी लापता हो गई थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों और घटना के अन्य पहलुओं की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

कपड़ों और चुन्नी से की शव की पहचान

तालाब में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया। परिजनों ने कपड़ों और चुन्नी के आधार पर किशोरी की पहचान की। परिवार का दावा है कि चेहरे पर जलने के निशान होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो गया था। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाना है।

डेढ़ साल पहले भी गलत हरकत का लगाया था आरोप

किशोरी की मां ने एक रिश्तेदार पर भी संदेह जताया है। महिला का आरोप है कि करीब डेढ़ साल पहले उसने इस रिश्तेदार को अपनी बेटी के साथ गलत हरकत करते हुए पकड़ा था। विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट हुई और उन्हें धमकियां भी मिली थीं।

महिला ने आरोप लगाया कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उसकी बेटी की हत्या की गई हो सकती है। उसने अपने देवर के दामाद और उसके भाई पर भी शक जताया है। फिलहाल ये सभी आरोप हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।

चार साल पहले परिवार के साथ गांव में आई थी महिला

महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की रहने वाली है। उसने बताया कि करीब चार साल पहले वह अपने पति और चार बच्चों के साथ काम की तलाश में सोनीपत आई थी। परिवार बहालगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में किराये के मकान में रहता था।

करीब तीन महीने पहले बीमारी के चलते महिला के पति की मौत हो गई थी। महिला फैक्ट्री में काम करती है। घर पर उसकी 16 वर्षीय बेटी और 12 व 7 साल के दो बेटे रहते थे। उसकी बड़ी बेटी की करीब सात साल पहले शादी हो चुकी है।

28 अक्टूबर को घर में अकेली थी किशोरी

महिला के मुताबिक, 28 अक्टूबर को वह फैक्ट्री में काम पर गई हुई थी। दोपहर करीब 2 बजे उसकी बेटी और दोनों छोटे बेटे कमरे में मौजूद थे। महिला ने आरोप लगाया कि इसी दौरान एक युवक अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था और वह उनके कमरे में पहुंच गया।

आरोप है कि युवक ने दोनों छोटे बच्चों को 100 रुपये देकर कोल्ड ड्रिंक और नमकीन लाने के लिए भेज दिया। इसके बाद उसने किशोरी के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों बच्चे वापस लौट आए और उन्होंने युवक को देख लिया। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले एक युवक को बुलाया गया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

परिवार के अनुसार, इसी दिन किशोरी लापता हो गई थी। परिजनों ने बहालगढ़ थाना पुलिस को शिकायत दी थी, जिसके बाद गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था।

पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

बहालगढ़ थाना पुलिस के जांच अधिकारी जसमेर ने बताया कि तालाब से किशोरी का शव बरामद हुआ है। शुरुआती तौर पर उसके साथ किसी प्रकार की गलत हरकत होने के संकेत नजर नहीं आए हैं। 28 अक्टूबर को पकड़े गए युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था।

जांच अधिकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और मामले के अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version