Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक JS‌B नहर में डूबे 2 युवकों के मिले शव: नहाने गए थे- नहीं आता था तैरना; तेज बहाव में बहे

रोहतक से होकर गुजर रही झज्जर सब ब्रांच (JSB) नहर में सोमवार दोपहर करीब पौने 2 बजे 2 युवक डूब गए। जिनको तलाशने के लिए ग्रामीण व पुलिस द्वारा सर्च अभियान चलाया गया। तब जाकर करीब 17 घंटे बाद दोनों के शव घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर मिले हैं। थाना शिवाजी कॉलोनी पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया है।

दोनों युवकों की पहचान रोहतक के सुनारिया चौक स्थित अमृत कॉलोनी निवासी हिमांशु व सेक्टर-4 का राहुल कलसन के रूप में हुई है। जो दोनों में एक ही क्लास में पढ़ाई करने के दौरान दोस्ती हुई थी। बीए पास करने के बाद राहुल आगे की पढ़ाई करने की तैयारी कर रहा था। वहीं हिमांशु डिलीवरी ब्वॉय के रूप में नौकरी करने लगा। ताकि अपने परिवार पर आर्थिक रूप से बोझ ना बने।

बता दें कि सोमवार दोपहर को रोहतक के सेक्टर-4 का राहुल कलसन और सुनारिया चौक का हिमांशु नहर में नहाने के लिए गांव मायना के नजदीक के गुजर रही JSB पर पहुंचे। दोनों एक साथ नहर में नहाने उतरे। बरसात के कारण फिसलन होने व पानी का तेज बहाव होने के कारण वे बह गए। उनके साथ गए तीसरे युवक राहुल का चचेरे भाई ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह बचाने में सफल नहीं हो पाया।

राहुल और हिमांशु के पानी में डूबने के सूचना मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। कुछ युवक राहुल और हिमांशु को ढूंढने के लिए पानी में उतरे। लेकिन सोमवार देर रात करीब 11 बजे तक सर्च अभियान चला। रात को अंधेरा अधिक होने के कारण दिखाई नहीं दिया और सर्च अभियान बंद करना पड़ा।

मंगलवार सुबह भी जल्दी ही परिवार वाले नहर पर पहुंच गए। वहां पर जाकर दोनों की तलाश आरंभ कर दी। करीब दो-तीन घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद सबसे पहले राहुल का शव मिला। वहीं उसके कूछ दूरी पर हिमांशु का शव भी मिल गया। दोनों के शव नहाने के लिए उतरने वाले स्थान से करीब 4 किलोमीटर आगे मिले हैं।

सोमवार को दोनों युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही JS‌B नहर का पानी कम कर दिया। जिस समय डूबे उस समय करीब 8 फीट तक गहरा पानी था। वहीं मंगलवार सुबह तक जलस्तर एक-दो फीट तक रह गया। जिससे की तलाश भी तेज हो गई। वहीं दोनों के शवों को ढुंढने में भी कोई परेशानी नहीं हुई।

राहुल के पिता सत्यवीर सिंह कलसन सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट हैं। सत्यवीर सिंह ने बताया कि उनके दो बेटे और एक बेटी है। राहुल तीनों भाई-बहनों में सबसे छोटा है और ग्रेजुएशन कर चुका है। अब राहुल एलएलबी करना चाहता था और आजकल उसी की तैयारियों में लगा था।

सत्यवीर सिंह कलसन ने बताया कि उन्हें सोमवार को एक काम के सिलसिले में कहीं जाना था। घर से निकलने से पहले उन्होंने राहुल से कहा था कि वह दिनभर घर में ही रहे क्योंकि घर पर और कोई नहीं था। लेकिन वह अपने दोस्तों के साथ नहाने आ गया। युवकों के परिवार वालों ने बताया कि राहुल अपने चचेरे भाई और दोस्त हिमांशु के साथ बाइक पर नहर पर पहुंचा था।

अमृत कॉलोनी निवासी हरीश ने बताया कि उसको दो बेटे हैं। बड़ा बेटा हिमांशु बीए की पढ़ाई के बाद करीब एक-डेढ़ माह से डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था। हिमांशु को तैरना भी नहीं आता था।

थाना शिवाजी कॉलोनी पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया है। हादसे से दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं।

Exit mobile version