Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में कल से आरंभ होंगी बोर्ड की परीक्षाएं:प्रदेश में बनाएं 155 परीक्षा केंद्रों पर 10वीं व 12वीं के 44575 परीक्षार्थी देंगे एग्जाम

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदेशभर में 25 सितंबर से बोर्ड परीक्षाएं आरंभ की जाएगी। इसको लेकर बोर्ड अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर व सचिव मुनीश शर्मा ने प्रेस वक्तव्य जारी किया। जिसमें बताया कि सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की कम्पार्टमेंट, रि-अपीयर, सीटीपी, ओसीटीपी, अतिरिक्त उत्तीर्ण, मर्सी चांस, अतिरिक्त विषय, पूर्ण व आंशिक अंक सुधार श्रेणी एवं डीएलएड (नियमित/रि-अपीयर) की परीक्षाओं का आयोजन 25 सितंबर से करवाया जा रहा है। प्रदेशभर के कुल 155 परीक्षा केन्द्रों पर सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) परीक्षा में लगभग 44575 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे, जिनमें 28523 छात्र व 16052 छात्राएं शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि सेकेंडरी (शैक्षिक) परीक्षा में 5542 परीक्षार्थी तथा सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) परीक्षा में 4338 परीक्षार्थी एग्जाम देंगे। सेकेंडरी (मुक्त विद्यालय) की परीक्षा में 14954 परीक्षार्थी तथा सीनियर सेकेंडरी (मुक्त विद्यालय) की परीक्षा में 19741 परीक्षार्थी परीक्षाएं देंगे।

डीएलएड परीक्षाओं का संचालन भी 25 सितंबर से 21 अक्टूबर तक करवाया जा रहा है। परीक्षा में प्रदेशभर में 23569 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट होंगे, जिसमें 15480 छात्राएं एवं 8089 छात्र शामिल होंगे। सभी परीक्षाओं का समय दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक रहेगा।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए शिक्षा बोर्ड ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। परीक्षाओं की शुचिता, विश्वसनीयता और पवित्रता को बनाए रखने व परीक्षा केन्द्रों के औचक निरीक्षण के लिए शिक्षा बोर्ड द्वारा बोर्ड अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव के विशेष उडऩदस्तों सहित कुल 28 प्रभावी उड़नदस्तों का गठन भी किया गया है।

सभी उड़नदस्तों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी परीक्षा ड्यूटी का निर्वहन पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा व ईमानदारी से करें। सभी परीक्षा केन्द्रों के आसपास धारा-163 भी लागू कर दी गई है, ताकि केन्द्रों के आस-पास अनावश्यक भीड़ जमा न हो सके। परीक्षा वाले दिन सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास 500 मीटर की परिधि तक फोटोस्टेट की दुकानें व कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे।

सभी पात्र परीक्षार्थियों को अनुक्रमांक जारी कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी अपना रंगीन प्रवेश-पत्र ए-4 साईज पेपर पर ही प्रिन्ट करवाए तथा वही रंगीन फोटो प्रवेश-पत्र पर चिपकाएं जो आवेदन फार्म भरते समय अपलोड किया गया था। प्रवेश-पत्र पर चिपकाया गया फोटो अपने सम्बन्धित विद्यालय से सत्यापित भी करवाएं। बिना प्रवेश-पत्र के परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र पर दी गए दिशा-निर्देंशों की पालना करते हुए परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्र पर इलैक्ट्रोनिक सामान जैसे मोबाइल, पेजर एवं गैजेट आदि व अनुचित साधन प्रयोग संबंधी सामग्री का प्रयोग वर्जित है। यदि कोई परीक्षार्थी/छात्र-अध्यापक नकल में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरूद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Exit mobile version