भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी और डीएलएड प्रथम व द्वितीय वर्ष-2022 (रि-अपीयर) की परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी है. ये परीक्षाएं 27 फरवरी से संचालित होंगी और 21 मार्च तक चलेंगी. परीक्षाओं की डेटशीट को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट बीएसईएच डॉट ओआरजी डॉट इन पर अपलोड कर दी गई है.
इस बारे में जानकारी देते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के उपसचिव ओमप्रकाश निंबिवाल ने बताया कि सेकेंडरी की परीक्षाएं 28 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक संचालित होगी, जबकि सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होकर 2 अप्रैल तक संचालित करवाई जाएंगी. इसके अलावा डीएलएड की परीक्षाएं भी 27 फरवरी से शुरू होकर 21 मार्च तक चलेंगी. उन्होंने बताया कि परीक्षाएं एक ही सत्र में दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 03.30 बजे तक संचालित होंगी. उन्होंने बताया कि पांच लाख के लगभग परीक्षार्थी 10वीं और 12वीं की परीक्षा देंगे. इसके लिए 1500 के लगभग परीक्षा केंद्र भी स्थापित कर दिए गए हैं.







