पानी के बिना जीवन की कल्पना करना भी मुश्किल है। हर इंसान को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए पानी की आवश्यकता पड़ती ही है। चाहे वो नहाने के रूप में हो या पीने के रूप में। ऐसे में अगर बड़े शहरों में स्पलाई के रास्ते पहुंचने वाला पानी ही गंदा आए तो लोगों की टेंशन बढ़ना लाजमी हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो वायरल हो रहे है, जिसमें यह दावा किया जा रहा हैं कि ये दिल्ली के घरों में डायरेक्ट सप्लाई के रास्ते नलों से नीला पानी आ रहा है। यह वीडियो देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी कमेंट सेक्शन में जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में यह देखा जा सकता है दिल्ली में सप्लाई के रास्ते से घरों के बाथरूम में टोटी खोलने पर नीला पानी निकल रहा है। ऐसी स्थिति दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में भी बनी हुई है। जहां नलों से नीला पानी आ रहा है। जिससे वहां रहने वालों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही हैं। जैसा कि वायरल हो रहे वीडियो में भी देखा जा सकता है।
ये वीडियो दिल्ली के पीरागढ़ी क्षेत्र का बताया जा रहा है जहां टैप से नीला-काला पानी आ रहा है। यहां के लोग इस तरह पानी के रंग बदलने से परेशान हैं। वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी के तमाम सांसदों ने इसे ट्वीट किया है। बीजेपी सासंदों के ट्वीट के बाद आनन फानन में पाइपलाइन चेक कर लीकेज को रोका गया और गांव के पास जीन्स डाईंग यूनिट को भी बंद कराया गया। यहां से तो समस्या फिलहाल दूर हो गई लेकिन इसके बाद दिल्ली के ही बुराड़ी इलाके का भी वीडियो सामने आया जहां केवल नीला ही नहीं बल्कि काला, लाल और पीला पानी आने की बात सामने आ रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीरागढ़ी में रहने वालों ने बताया कि नीला पानी आने की वजह यहां आसपास लगी केमिकल और डेनिम फैक्ट्रियां है। जो अपना वेस्ट को गलत तरीके से डिस्पोज कर रही है, जिसकी वजह से दिल्ली जल बोर्ड की तरफ से आने वाली पानी दूषित और जहरीला हो गया है। इस पानी को ना पीने में इस्तेमाल किया जा सकता है और ना ही नहाने में। लोगों ने यह भी बताया कि सप्लाई का पानी इतना नीला है कि इससे उनकी बाथरूम की टाइल्स पर भी दाग लगा दिया है।
सोशल मीडिया पर जहां एक ओर लोग पानी की इस समस्या पर चिंता जता रहे हैं तो वहीं कुछ यूजर्स इस पर मौज लेते भी नजर आ रहे हैं। वीडियो पोस्ट के कमेंट सेक्शन में ज्यादातर यूजर्स दिल्ली वासियों की इस समस्या को गंभीर बता रहे हैं। वहीं एक यूजर ने लिखा- लगता है पानी में किसी ने नीले रंग का एशियन पेंट मिला दिया है। इस इलाके में हर घर के बाहर सबमर्सिबल बोरिंग या हैंडपम्प देखने को मिल रहा है क्योंकि सप्लाई वॉटर का इस्तेमाल लोगों ने करना छोड़ दिया है। उनका कहना है कि जब गंदा पानी आ रहा है तो बेहतर है कि वो ग्राउंड वॉटर इस्तेमाल करें जो खारा होता है लेकिन कम से कम साफ है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों को उम्मीद है कि लंबे समय से चल रही इस समस्या का समाधान अब शायद हो पाएगा।

