Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

फरीदाबाद में साइड मांगने पर खूनी खेल! ब्रेजा सवार ने चलाई 3 गोलियां, दो भाइयों को लगी गोली; अस्पताल में भर्ती

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में रोडरेज का एक गंभीर मामला सामने आया है। खेड़ी पुल थाना क्षेत्र की भारत कॉलोनी में रास्ता देने के लिए साइड मांगना दो भाइयों को भारी पड़ गया। आरोप है कि ब्रेजा कार सवार युवक ने गाली-गलौज करने के बाद पिस्टल निकालकर तीन गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में दो भाई प्रशांत (27) और प्रिंस (23) घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सेक्टर-21ए स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी जसवंत को राउंडअप कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बुआ को लेने दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे तीनों भाई

भारत कॉलोनी निवासी पीयूष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने भाई प्रिंस, प्रशांत और प्रशांत के साले के साथ कार में सवार होकर दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उन्हें अपनी बुआ को लेने जाना था।

घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर सेंट्रल बैंक के पास कई गाड़ियां खड़ी हुई थीं। इस कारण रास्ता बंद था और उनकी कार को निकलने के लिए जगह नहीं मिल रही थी।

ब्रेजा कार से साइड मांगने पर हुआ विवाद

पीयूष के अनुसार, रास्ता नहीं मिलने पर उन्होंने वहां खड़ी एक ब्रेजा कार के चालक से साइड मांगी। आरोप है कि कार चालक ने रास्ता देने के बजाय अपनी गाड़ी उनकी कार के सामने लगा दी।

इसके बाद आरोपी कार से नीचे उतरा और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने पिस्टल निकालकर उन पर तान दी।

तीन गोलियां चलाईं, दो भाइयों को लगी गोली

शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी ने पिस्टल से लगातार तीन गोलियां चलाईं। इनमें से दो गोलियां प्रशांत और प्रिंस को लग गईं।

प्रशांत के गर्दन के पास गोली लगी, जबकि प्रिंस की छाती के पास गोली लगी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास मौजूद लोग घायलों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।

दोनों का सेक्टर-21ए स्थित निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

अस्पताल के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। दोनों युवकों के घायल होने से परिजन परेशान हैं। अस्पताल के बाहर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल नजर आया।

पुलिस ने आरोपी जसवंत को किया राउंडअप

खेड़ी पुल थाना प्रभारी राकेश के अनुसार, मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जसवंत को राउंडअप कर लिया है।

पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और विवाद के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

फिलहाल इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। मामूली साइड मांगने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों को गोली लगने का मामला चर्चा में है। पुलिस की जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आएंगे।

Exit mobile version