Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में छठ पूजा के दौरान खूनी झड़प, चाकू से हमले में 18 वर्षीय युवक की मौत; बड़ा भाई PGI में जिंदगी की जंग लड़ रहा

रोहतक। रोहतक में छठ पूजा के दौरान सोमवार सुबह खूनी संघर्ष हो गया। भालौठ सब ब्रांच नहर पर बने छठ पूजा घाट पर दो गुटों के बीच हुए विवाद में दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में 18 वर्षीय विक्रम की मौत हो गई, जबकि उसका 22 वर्षीय भाई विक्की गंभीर रूप से घायल है। उसका रोहतक PGI में उपचार चल रहा है।

घटना सोमवार सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, डेयरी मोहल्ले के लोग छठ पूजा के लिए नहर पर बने घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान घाट नंबर-3 पर कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

25 युवकों के बीच हुई भिड़ंत, चाकू-छुरी चले

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद दोनों पक्षों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद करीब 25 युवक आपस में भिड़ गए और जमकर हाथापाई हुई। इसी दौरान चाकू और छुरी से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों भाइयों के पेट में गंभीर चोटें आईं।

PGI में इलाज के दौरान विक्रम ने तोड़ा दम

घायल दोनों भाइयों को आनन-फानन में रोहतक PGI पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान 18 वर्षीय विक्रम ने दम तोड़ दिया। वहीं, उसके बड़े भाई विक्की (22) की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक विक्रम हिसार रोड स्थित एक कंपनी में काम करता था।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद IMT थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी राजकरण के अनुसार, पुलिस को घाट पर झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि दो युवकों को चाकू लगे हैं। PGI से जानकारी मिलने पर एक युवक की मौत और दूसरे के घायल होने की पुष्टि हुई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और विवाद के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। छठ पूजा जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।

Exit mobile version