Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

CJP प्रोटेस्ट को लेकर दिल्ली-गुरुग्राम सहित 3 बॉर्डर पर नाकेबंदी:4 जिलों में कई नेता हाउस अरेस्ट; अंबाला, फरीदाबाद, हिसार रूट पर 32 ट्रेनें कैंसिल

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज शानिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान है। इस ऐलान को देखते हुए दिल्ली से सटे हरियाणा में भी सख्त कदम उठाए गए हैं। रात को ही गुरुग्राम में हरियाणा-दिल्ली बॉर्डरों सील कर दिया गया। हालांकि, सुबह आठ बजे यहां हालात सामान्य देखते हुए बैरिकेड्स हटा लिए गए।

इसके अलावा फरीदाबाद, झज्जर और सोनीपत बॉर्डरों पर दिल्ली पुलिस ने भारी नाकेबंदी की गई है। रोहतक में धारा-163 लागू की गई है। उधर, आंदोलन के राजनीतिक रंग पकड़ते ही गुरुग्राम और सोनीपत में कांग्रेस और NSUI के जिलाध्यक्षों समेत कई बड़े नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है। रेवाड़ी में CJP कार्यकर्ताओं और रोहतक में किसान नेत्री को नजरबंद किया गया है।

इस प्रदर्शन का असर रेल और मेट्रो यातायात पर भी भारी पड़ा है। अंबाला रूट की 14, फरीदाबाद की 7 और हिसार रूट की 11 (कुल 32) ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। वहीं, फरीदाबाद-दिल्ली रूट पर 7 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद कर दिए गए हैं, जिससे रोजाना सफर करने वाले करीब 50 हजार यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

सीजेपी के प्रदर्शन में रेवाड़ी से शामिल होने जा रहे भारतीय किसान यूनियन टिकैत के प्रदेश महासचिव रामकिशन महलावत पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है। उनके साथ हलका प्रधान महेंद्र सिंह को भी अरेस्ट किया गया है। महलावत अपने साथियों के साथ सुबह 7:00 बजे घर से दिल्ली के लिए रवाना होने वाले थे। उनके साथी अभी मौके पर नहीं पहुंचे थे। इससे पहले ही पुलिस ने उनको हाउस अरेस्ट कर लिया है। पुलिस अभी मौके पर मौजूद है।

राष्ट्रीय जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बलहरा ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ’ संघर्ष में सभी वर्गों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और न्याय की मांग को लेकर सभी को एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने लोगों से इस संघर्ष में भाग लेकर एकजुटता दिखाने का आह्वान किया।

गुरुग्राम में आया नगर बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस की नाकेबंदी जारी है। प्रोटेस्ट में शामिल होने जाने वालों की गाड़ियां रोकी जा रहीं हैं।

सोनीपत में पुलिस ने दिल्ली जा रहे कांग्रेस नेता सतवीर निर्माण सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोक लिया। इसके बाद सभी को सिविल लाइन थाने में डिटेन कर लिया।

मोनिका नैन किसान प्रतिष्ठा मंच की हरियाणा महिला विंग की अध्यक्ष हैं। सुबह 8 बजे पुलिस मोनिका नैन के घर पहुंची और सीजेपी के प्रदर्शन में जाने से रोक दिया। पुलिस ने कहा कि आप दिल्ली प्रदर्शन में नहीं जा सकते, क्योंकि वहां धारा 163 लगी हुई है। प्रदर्शन में अनहोनी भी हो सकती है। ऐसे में उनका जाना ठीक नहीं है।

रेवाड़ी-गुरुग्राम-दिल्ली रूट की सुबह के समय की सभी पैसेंजर ट्रेन कैंसल कर दी गई हैं। इसके अलावा अहमदाबाद-नई दिल्ली गाड़ी नंबर 12957 स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस, 15308 हरियाणा एक्सप्रेस और तिलकब्रिज एक्सप्रेस भी कैंसल की गई हैं।

CJP के प्रदर्शन के चलते फरीदाबाद से होकर गुजरने वाली 7 ट्रेनों को रद्द किया गया है। इंदौर से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 12415 और इसकी वापसी सेवा 12416 शामिल है। इसके अलावा जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन आने वाली ट्रेन संख्या 12189 और इसकी वापसी सेवा 12190 भी सूची में शामिल है। बांद्रा टर्मिनस से हजरत निजामुद्दीन आने वाली ट्रेन संख्या 12247 और इसकी वापसी सेवा 12248 भी प्रभावित रहेगी। आगरा कैंट से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 14211 भी सूची में शामिल है।इससे फरीदाबाद से दिल्ली और दूसरे शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले NTES पर अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी जा रही है।

Exit mobile version