Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी: थप्पड़ का बदला लेने के लिए दोस्त को कार में जिंदा जलाया

नांदनौर-कुमासपुर रोड पर 25 दिसंबर की रात मेहंदीपुर निवासी राकेश उर्फ फूलकवार की मौत एक्सीडेंट की वजह जिंदा जलने से नहीं हुई थी। राकेश की हत्या की गई थी। राकेश के दोस्तों ने ही उसे कार में जिंदा जला दिया था। हत्या का आरोप भी राकेश के तीन दोस्तों पर लगा है।

राई थाना पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाते हुए दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। मेहंदीपुर निवासी राकेश उर्फ फूलकवार (34) 25 दिसंबर की शाम करीब 5:30 बजे अपनी आई-20 कार लेकर मुरथल एक शादी समारोह में गया था।

कार में सीएनजी किट लगी हुई थी। जब देर रात तक फूलकुमार घर नहीं लौटा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि वे देर रात से ही फूलकुमार का मोबाइल नंबर मिला रहे थे, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद वे अपने भाई की तलाश करने लगे। इस बीच रविवार सुबह जब कुमासपुर के ग्रामीण नांदनौर रोड पर पहुंचे तो उन्हें एक कार जली हुई हालत में मिली थी।

कार में चालक सीट पर जला हुआ था। उन्होंने राई पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद राई थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार व बहालगढ़ चौकी मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि कार मेहंदीपुर के राकेश उर्फ फूलकवार की है। शुरुअाती जांच में लगा कि एक्सीडेंट की वजह से कार में आग लगी थी। इसके बाद में पुलिस ने जांच शुरू की थी।

राई थाना पुलिस ने मृतक राकेश व उसके तीनों दोस्तों के मोबाइल की लोकेशन निकाली थी। जिसमें 25 दिसंबर की रात चारों की लोकेशन घटनास्थल की मिली थी। जिस वजह से पुलिस का शक यकीन में बदल गया था। अब तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।

फूलकुमार के पिता की मौत हो चुकी है। वे तीन भाई थे। फूलकुमार गांव में ही डेयरी चलाता था। उसके पास एक बेटा व एक बेटी है। मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि जिस प्रकार से हादसा हुआ था। उससे लगता था कि उसके भाई का मर्डर हुआ था।

परिजनों को राकेश की जिंदा जलने से हुई मौत हजम नहीं हो रही थी। इस वजह से वे शादी समारोह वाले घर पर गए। जहां उन्हें पता लगा कि शादी समारोह में राकेश के साथ तीन और दोस्त थे। जिनका राकेश के साथ झगड़ा हुआ था। परिजनों ने इसकी सूचना राई थाना पुलिस को दी। बहालगढ़ चौकी इंचार्ज मुकेश की टीम सक्रिय हो गई।

उन्होंने मृतक राकेश के दोस्त मुरथल निवासी देवेंद्र व मयूर विहार निवासी अंजित को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। दोनों ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि शादी में उनका राकेश के साथ झगड़ा हुआ था। इसके बाद वे कार से नाहरी के लिए चल पड़े। कार को अंजित चला रहा था। कार की डंपर के साथ टक्कर हो गई।

राकेश ने अंजित को थप्पड़ मार दिया था। जिस पर अंजित ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर राकेश का सिर कार के डेशबोर्ड पर मारा। जिससे उसके सिर व नाक से खून बहने लगा था। इसके बाद उसका गला दबाने का प्रयास किया। जब राकेश नहीं मरा तो उसे चालक सीट पर बैठाकर कार में आग लगा दी। जिससे राकेश कार के अंदर की जिंदा जल गया था। इसके बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे। आरोपियों ने कहा कि राकेश बार-बार अपनी ससुराल पत्नी को लेने जाने की बात कह रहा था। इसको लेकर भी उनका झगड़ा हुआ था।

मृतक राकेश को उसी के दोस्तों ने कार में जिंदा जलाकर मारा था। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। अभी तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। -मुकेश कुमार, चौकी इंचार्ज बहालगढ़।

Exit mobile version