रेलवे पुलिस थाना रोहतक ने एक अंधे कत्ल एवं लूट की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सोनीपत भेज दिया गया।
थाना प्रबंधक निरीक्षक सत्यवान ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 7/8 जुलाई 2026 की रात गाड़ी संख्या 54006 में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान मृतक की पहचान आकाश अरोड़ा पुत्र प्रेम कुमार, निवासी जी.आर.जी. रोड, सिरसा के रूप में हुई।
मृतक के साले यश मदान द्वारा दिनांक 23 जुलाई 2026 को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके जीजा आकाश अरोड़ा की हत्या कर उनके गले की चांदी की चेन, चांदी का कड़ा, कानों के चांदी के आभूषण, लगभग ₹4,000 नकद तथा मोबाइल फोन लूट लिया गया है। शिकायत के आधार पर थाना रेलवे पुलिस रोहतक में मुकदमा नंबर 26 दिनांक 23.07.2026 अज्ञात आरोपी के विरुद्ध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 1 अगस्त 2026 को थाना प्रबंधक निरीक्षक सत्यवान के नेतृत्व में गठित टीम, जिसमें उप निरीक्षक जोगिंदर, उप निरीक्षक बलवान सिंह, सहायक उप निरीक्षक जयदीप तथा एसपीओ मनोज शामिल थे, ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने 7/8 जुलाई 2026 की रात जींद रेलवे स्टेशन पर आकाश अरोड़ा का परने (गमछे/कपड़े) से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के गले की चांदी की चेन, चांदी का कड़ा, कानों के आभूषण, नकदी एवं मोबाइल फोन लूट लिया।
आरोपी की निशानदेही पर मृतक की चांदी की चेन, चांदी का कड़ा तथा हत्या में प्रयुक्त परना बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय, गोहाना में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सोनीपत भेज दिया गया।
— सत्यवान, निरीक्षक एवं थाना प्रबंधक, रेलवे पुलिस थाना, रोहतक
