Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भाजपा के पैसे, दिल से कांग्रेसी…मंच से सरपंच पर बरसे पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

रोहतक के काहनौर गांव स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने मंच से गांव की सरपंच निशा देवी और उनके पति नवीन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो सरपंच दिल से भाजपा के साथ नहीं हैं, उनके साथ उसी हिसाब से व्यवहार किया जाना चाहिए।

मनीष ग्रोवर ने कहा कि काहनौर गांव में करीब 9 हजार की आबादी और 6500 वोट हैं। दो दिन पहले सरपंच की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था, लेकिन आज के कार्यक्रम में सरपंच का एक भी समर्थक नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा को बुलाकर उनका अपमान किया गया।

ग्रोवर ने कहा, “कुछ लोग सिर्फ पैसे लेने के लिए भाजपा के पास आते हैं, लेकिन दिल से कांग्रेसी बने रहते हैं। ऐसे लोगों की पहचान जरूरी है।”

उन्होंने कहा कि भविष्य में वही सरपंच आगे बढ़ेगा जो भाजपा की विचारधारा से जुड़ा होगा। सरकार भी उसी प्रतिनिधि को दिल खोलकर सहयोग करेगी, जो पार्टी के प्रति निष्ठावान होगा। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका को भी ऐसे लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी।

पूर्व मंत्री ने सरपंच निशा देवी और उनके पति नवीन पर कांग्रेस से जुड़े होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नवीन के पिता भूप सिंह कांग्रेस कार्यकर्ता रहे हैं। ग्रोवर के मुताबिक, शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा का कार्यक्रम तो कराया गया, लेकिन गांव के लोगों को कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया, जिससे मंत्री का भी अपमान हुआ।

Exit mobile version