हरियाणा निकाय चुनावों को लेकर बीजेपी, कांग्रेस दोनों पूरी तरह से तैयार हैं। बीजेपी का चुनावों को लेकर मंथन पूरा हो चुका है।

अब कभी भी अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है। संभावना है कि आज ही केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद लिस्ट जारी कर दी जाए। वहीं कांग्रेस उम्मीदवारों के पैनल के लिए आज मंथन करेगी। संभावना है कि 15 फरवरी को वह अपने उम्मीदवारों की लिस्ट की घोषणा कर दे।

हरियाणा में 10 नगर निगमों, नगर परिषद और पालिकाओं में नामांकन शुरू हो चुके हैं। 17 फरवरी को नामांकन की लास्ट डेट है। इसको देखते हुए सभी राजनीतिक दल एक-दो दिन में उम्मीदवारों की लिस्ट फाइनल कर देंगे।

पार्टी के हर विधायक, मंत्री व सीएम के अलावा सभी पदाधिकारियों को चुनावी मैदान में प्रचार के लिए उतरना पड़ेगा। पार्टी की बैठक में यह भी चर्चा हुई है कि जिन वर्करों, पदाधिकारियों ने लोकसभा, विधानसभा चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, उनको टिकट देने में तवज्जो दी गई है। साथ ही महिलाओं को भी टिकट दी गई है।

सीएम नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के अलावा प्रभारी सतीश पूनिया ने भी नई दिल्ली में हुए मंथन में निकाय चुनाव को लेकर अपने सुझाव दिए हैं और सभी की सहमति के बाद ही टिकटों के पैनल बनाकर हाईकमान को भेजे गए हैं।
