Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भाजपा का बड़ा दांव! सेवा पोर्टल से जुड़ेंगे समाजसेवी, 2027 पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा जल्द ही एक नया “सेवा पोर्टल” लॉन्च करने जा रही है। इस पोर्टल के माध्यम से समाज सेवा में रुचि रखने वाले लोगों और स्वयंसेवकों को पार्टी की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ना और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि जो लोग समाज सेवा के लिए समय देना चाहते हैं लेकिन किसी संगठन से नहीं जुड़े हैं, वे इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें विभिन्न सेवा कार्यों और सामाजिक अभियानों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। पार्टी का मानना है कि सेवा कार्यों के माध्यम से नए स्वयंसेवकों को संगठन से जोड़कर जनसंपर्क और सामाजिक पहुंच को और मजबूत किया जा सकता है।

सेवा पोर्टल लॉन्च करने के मुख्य उद्देश्य

समाज सेवा से जुड़े लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना। नए स्वयंसेवकों को भाजपा के सेवा और संगठनात्मक कार्यों से जोड़ना।युवाओं, महिलाओं, डॉक्टरों, प्रोफेशनल्स और अन्य सामाजिक रूप से सक्रिय वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाना।

2027 पंचायत चुनावों की तैयारी शुरू:- प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से 2027 के पंचायत चुनावों की तैयारियां अभी से शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य “सांसद से लेकर पंच तक” हर स्तर पर मजबूत संगठन तैयार करना है। इसके लिए बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और सांसद, विधायक व सरकारें भी कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर बनती हैं। इसलिए समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाकर संगठन का विस्तार करना जरूरी है।

43 साल बाद महिला प्रदेशाध्यक्ष:- हरियाणा भाजपा के इतिहास में 43 साल बाद किसी महिला को प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले वर्ष 1980 में स्वर्गीय डॉ. कमला वर्मा हरियाणा भाजपा की पहली महिला प्रदेशाध्यक्ष बनी थीं। खास बात यह है कि दोनों ही पेशे से डॉक्टर रही हैं।

कौन हैं डॉ. अर्चना गुप्ता? डॉ. अर्चना गुप्ता पेशे से रेडियोलॉजिस्ट हैं और उन्होंने पीजीआई रोहतक से एमडी की डिग्री प्राप्त की है। उनके पति डॉ. अनिल गुप्ता आई स्पेशलिस्ट हैं और पानीपत में उनका अस्पताल है। राजनीति में आने से पहले वह विश्व हिंदू परिषद की इंडियन हेल्थ लाइन से जुड़ी रहीं। साल 2020 में वह पानीपत भाजपा की पहली महिला जिलाध्यक्ष बनीं। इसके बाद 2023 में उन्हें भाजपा प्रदेश महामंत्री बनाया गया। अब उन्हें हरियाणा भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय:- कोरोना काल के दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता ने चिकित्सक के रूप में लोगों की मदद की थी। इसके अलावा वह सामाजिक, धार्मिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों में लगातार सक्रिय रही हैं।भाजपा का मानना है कि सेवा पोर्टल के माध्यम से सामाजिक कार्यों में रुचि रखने वाले लोगों को एक मंच मिलेगा और संगठन की जमीनी पकड़ को और मजबूत किया जा सकेगा।

Exit mobile version