हरियाणा में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने पूर्व सांसद संजय भाटिया को उम्मीदवार बनाया है। मंगलवार दोपहर को अलग-अलग राज्यों के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। सांसद किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल 9 अप्रैल तक है। अभी ये दोनों सीटें भाजपा के पास हैं। दोनों सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव है। 5 मार्च को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है।भाजपा और कांग्रेस के खाते में एक-एक सीट आ सकती है। अभी कांग्रेस की तरफ से उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है।संजय भाटिया 2019 में करनाल से सांसद बने थे। 2024 लोकसभ चुनाव में भाटिया का टिकट कट गया था। इनकी जगह मनोहर लाल खट्टर को उम्मीदवार बनाया गया था।

संजय भाटिया पानीपत के मॉडल टाउन के रहने वाले हैं। उन्होंने पानीपत के आईबी कॉलेज से बीकॉम की थी। कॉलेज के समय से ही वे बीजेपी की छात्र शाखा ABVP से जुड़े रहे। 1987 में वे मंडल सेक्रेटरी बने और 1989 में ABVP के जिला महासचिव बने। 1998 में उन्हें BJP युवा मोर्चा का राज्य महासचिव बनाया गया। वह हरियाणा खादी और ग्राम उद्योग बोर्ड के अध्यक्ष भी रहे। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें करनाल से उम्मीदवार बनाया था। भाटिया ने 9 लाख 11 हजार 594 वोट लेकर कांग्रेस के कुलदीप शर्मा को 6 लाख 56 हजार 142 वोटों से हराया।
2024 में अचानक मनोहर लाल खट्टर की जगह नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद इसी साल हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने करनाल से संजय भाटिया का टिकट काटकर मनोहर लाल खट्टर को दे दिया। इसके बाद संजय भाटिया को विधानसभा चुनाव भी नहीं लड़वाया गया। इसके बाद से वह संगठन में सक्रिय थे।
