हरियाणा में फतेहाबाद के भाजपा विधायक दुड़ाराम की पुत्र वधू श्वेता बिश्नोई की गुरुवार शाम को करंट लगने से मौत हो गई। 32 साल की श्वेता बिश्नोई को नहाते हुए बाथरूम में करंट लगा। परिवार के सदस्य उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने श्वेता को मृत घोषित कर दिया।

दरअसल, विधायक दुड़ाराम के छोटे भाई उग्रसेन के बेटे आदित्य की 14 नवंबर को शादी है। पूरा परिवार इसी के जश्न में लगा हुआ था। गुरुवार शाम को दुड़ाराम के ही दूसरे भाई दिवंगत देवीलाल के घर पर रात के खाने का कार्यक्रम रखा गया था। इसी में शामिल होने के लिए श्वेता ने पहले अपने चार साल के बेटे को नहलाया। इसके बाद खुद नहाने चली गईं। मगर डेढ घंटे तक बाहर नहीं आईं तो परिजनों ने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया। कोई आवाज नहीं आई तो गेट खोलकर अंदर गए तो श्वेता बेसुध अवस्था में थीं। परिवार के सदस्य श्वेता को लेकर तुरंत फतेहाबाद सिटी के एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद श्वेता को मृत घोषित कर दिया। पूरे परिवार में जहां घंटेभर पहले तक शादी की खुशियां थी वहीं शाम होते-होते श्वेता के निधन से मातम पसर गया।

विधायक दुड़ाराम के बेटे संदीप की 8 साल पहले श्वेता के साथ शादी हुई थी। उनका 4 साल का बेटा है। फतेहाबाद शहर में जैसे ही भाजपा विधायक की पुत्रवधू के निधन की खबर फैली, पारिवारिक सदस्यों और रिश्तेदारों के अलावा शहर के आम लोग भी अस्पताल के बाहर इकट्ठा होना शुरू हो गए।

हादसे की सूचना पाकर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भजनलाल के बेटे व आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई, उनकी पत्नी रेनुका बिश्नोई भी निजी अस्पताल पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।इसके अलावा विधायक के समर्थकों का भी जमावड़ा लग गया।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!