रोहतक से BJP मेयर मनमोहन गोयल ने 5 साल पूरे होने पर अपने आवास पर पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने 5 सालों के दौरान किए गए 100 काम गिनाए। साथ ही कहा कि उनके कार्यकाल में बजट की कमी रही। जिसके कारण वे कम काम करवा पाए। जिसका मलाल जरूर है। वहीं, आगामी समय में विधानसभा चुनाव लड़ने की राह भी साफ करते हुए कहा कि पार्टी मौका देगी तो वे चुनावी मैदान में उतर जाएंगे।
मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि उन्होंने 2019 जनवरी में शपथ ली थी। जो अब 5 साल पूरे हो चुके हैं। इसी बीच कोरोनाकाल भी आया, जिसमें सभी पार्षदों के साथ मिलकर काम किया। शहर का विकास करने के लिए काफी कार्य किए। कोरोनाकाल के बावजूद भी शहर का विकास करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
इस दौरान मेयर मनमोहन गोयल ने माना की बजट की कमी रही है। जिसका असर शहर के विकास कार्यों पर भी पड़ा। अगर बजट अधिक होता तो शहर में विकास कार्य भी अधिक होते। सरकार द्वारा जो प्रति व्यक्ति के हिसाब से बजट दिया जाता था, उससे अधिक विकास कार्य नहीं हो पाए। मेयर ने कहा कि कुछ कामों का मलाल रह गया, जिन्हें वे पूरा नहीं कर पाए।
मेयर मनमोहन गोयल ने चुनाव लड़ने पर स्पष्ट किया कि इसके बाद नगर निगम का मेयर पद सामान्य श्रेणी के पुरुष के लिए आरक्षित नहीं होगा। अन्य श्रेणियों के लिए आरक्षित होगा, जिसके कारण वे चुनाव नहीं लड़ सकते। वहीं, विधानसभा चुनाव लड़ने पर कहा कि जो एक बार राजनीति में आ जाता है, वह राजनीति से दूर नहीं हो सकता। पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसको निभाएंगे। अगर, पार्टी चुनाव लड़ने की कहेगी, तो वे चुनाव लड़ेंगे।

