जुलाना/जींद। हरियाणा की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। जुलाना से भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी और हरियाणा सहकारिता विभाग के पूर्व चेयरमैन शमशेर सिंह अहलावत का निधन हो गया। वह करीब 80 वर्ष के थे। कई दिनों से रोहतक के कायनोस अस्पताल में वेंटिलेटर पर उनका इलाज चल रहा था।
उनके बेटे डॉ. गजेंद्र अहलावत ने बताया कि शमशेर सिंह अहलावत करीब एक महीने तक गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती रहे थे। इसके बाद उन्हें रोहतक के अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था।
चार दशक तक जुलाना की राजनीति में सक्रिय रहे
शमशेर सिंह अहलावत करीब चार दशक तक जुलाना क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे। भाजपा ने उन्हें वर्ष 2005 के विधानसभा चुनाव में जुलाना से प्रत्याशी बनाया था। पार्टी ने 2009 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें टिकट दिया था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्होंने चुनाव लड़ने में असमर्थता जताई थी।
वह कांग्रेस सरकार के दौरान हरियाणा सहकारिता विभाग के चेयरमैन भी रह चुके थे।
परिवार का राजनीति से पुराना नाता
शमशेर सिंह अहलावत के परिवार का जुलाना की राजनीति से पुराना जुड़ाव रहा है। उनके पिता चौधरी फतेह सिंह वर्ष 1972 में जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस (आई) के विधायक चुने गए थे।
भजनलाल ने जुलाना में एक महीने किया था प्रचार
वर्ष 1970 के जुलाना विधानसभा उपचुनाव में चौधरी भजनलाल ने कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी फतेह सिंह के लिए करीब एक महीने तक प्रचार किया था। वह जीप से हलके के गांवों में जाते और लोगों से मिलकर वोट मांगते थे। रात को जुलाना में सेठ किशनलाल सिंगला की हवेली या लिजवाना खुर्द में रुकते थे।
खाई में फंस गई थी जीप, भजनलाल ने खुद संभाला स्टेयरिंग
प्रचार के दौरान एक दिन जुलाना से मेहरड़ा जाते समय उनकी जीप खाई में फंस गई। ड्राइवर के काफी प्रयास के बावजूद जीप बाहर नहीं निकल पाई। इसके बाद भजनलाल ने खुद स्टेयरिंग संभाला और बैक गियर लगाकर जीप को पीछे किया। फिर एक झटके में जीप को खाई से बाहर निकाल लिया।
प्रचार के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी हार गए थे चुनाव
भजनलाल ने उपचुनाव के दौरान मंडी की दुकानों से लेकर गांवों तक प्रचार किया, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी फतेह सिंह चुनाव हार गए थे।
कांग्रेस (संगठन) के प्रत्याशी चौधरी दल सिंह ने 23,592 वोट हासिल कर 5,828 वोटों से जीत दर्ज की थी। फतेह सिंह को 17,764 वोट मिले थे। हालांकि, इसके दो साल बाद 1972 में हुए विधानसभा चुनाव में चौधरी फतेह सिंह जुलाना से विधायक चुने गए थे।
शमशेर सिंह अहलावत के निधन से जुलाना क्षेत्र की राजनीति में शोक की लहर है।

