Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

BJP नेता ने ज्वाइंट सेक्रेटरी दंपती को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा…घर के बाहर कूड़ा डालने से रोकने पर विवाद


हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-67A स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में एक बीजेपी नेता और उसके परिवार पर आरडब्ल्यूए (RWA) के ज्वाइंट सेक्रेटरी और उनकी पत्नी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मामूली विवाद के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग दंपती को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि बीजेपी नेता और उसके परिजनों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि महिला के साथ भी बदसलूकी की और कपड़े फाड़ने की कोशिश की। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।

कूड़ा डालने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब आरोपी पक्ष पीड़ित के घर के बाहर कूड़ा डाल रहा था। आरडब्ल्यूए के ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रयाग और उनकी पत्नी शालिनी गुप्ता ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी पक्ष ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुछ ही देर में कई लोग लाठी, डंडे और सरिए लेकर मौके पर पहुंच गए।

सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर की पिटाई

वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि हमलावर बेखौफ होकर दंपती पर हमला कर रहे हैं। आरोप है कि पुरुषों के साथ-साथ महिला को भी नहीं छोड़ा गया। जान बचाने के लिए भाग रहे पीड़ितों का पीछा कर सड़क पर ही उनकी पिटाई की गई।

तमाशबीन बने रहे पड़ोसी

घटना के दौरान शोर सुनकर कई पड़ोसी बाहर आए, लेकिन हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे देखकर किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटाई। इससे सोसाइटी में दहशत का माहौल बन गया।

112 पर कॉल, लेकिन FIR का इंतजार

मारपीट के बाद पीड़ित परिवार ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। पीड़ित परिवार ने लिखित शिकायत भी दी, लेकिन आरोप है कि कई घंटे बीतने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उनका कहना है कि आरोपी पक्ष मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।

पुलिस का बयान

सेक्टर-65 थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद हाई-प्रोफाइल और सुरक्षित मानी जाने वाली गुरुग्राम की रिहायशी सोसाइटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Exit mobile version